बालोतरा (बाड़मेर)। महावीर इंटरनेशनल बालोतरा द्वारा बाड़मेर जिले के होनहार युवा शुभम डोसी के इनकम टैक्स विभाग में ऑफिस सुपरिटेंडेंट पद पर चयन होने पर उनका भव्य सम्मान किया गया। यह सम्मान समारोह बांठिया भवन में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में महावीर इंटरनेशनल के पूर्व अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम बांठिया ने शुभम डोसी की इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि बाड़मेर जैसे क्षेत्र से युवाओं का इस तरह उच्च पदों पर चयन होना प्रेरणादायक है। साथ ही उन्होंने शुभम के भाई अक्षय डोसी द्वारा छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में जिला कलेक्टर के रूप में दी जा रही सेवाओं को भी उल्लेखनीय बताया।
नगर परिषद के पूर्व सभापति पारसमल भंडारी ने कहा कि आज के समय में उच्च शिक्षा के साथ प्रशासनिक और राजनीतिक क्षेत्रों में योग्य व्यक्तियों का आगे आना समाज के लिए गर्व की बात है।
कार्यक्रम की शुरुआत बालोतरा केंद्र के चेयरमैन जवाहरलाल हुडिया के स्वागत भाषण से हुई, जबकि पूर्व अध्यक्ष जवेरीलाल मेहता ने आभार व्यक्त किया। कोषाध्यक्ष महावीर बोकडिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर जॉन सचिव प्रमिला सालेचा, वीरा यशोदा बालड सहित संस्था के कई सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा जैन नवयुवक मंडल के पूर्व अध्यक्ष पंकज अन्याव, लूणचंद बांठिया, अनिल बांठिया सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने शुभम डोसी का सम्मान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में अनिल बांठिया, लूणचंद बांठिया परिवार और महावीर इंटरनेशनल बालोतरा द्वारा शुभम डोसी का भव्य स्वागत किया गया, जिससे पूरे आयोजन का माहौल उत्साह और गर्व से भर गया।