बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बीकानेर स्थापना दिवस पर “म्हारो प्यारो बीकाणो” थीम पर चित्रकारी कार्यशाला, 30 कलाकारों ने उकेरी शहर की खूबसूरती

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 12 अप्रैल 2026।
बीकानेर के 539वें स्थापना दिवस के अवसर पर “म्हारो प्यारो बीकाणो” थीम के तहत एक भव्य चित्रकारी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अनूठे कार्यक्रम में शहर के 30 प्रसिद्ध चित्रकारों ने भाग लेकर श्री लक्ष्मीनाथ जी पार्क की दीवारों को कला के रंगों से सजा दिया।
श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में कलाकारों ने सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक लगातार चित्रकारी कर बीकानेर के ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों की झलक प्रस्तुत की। दीवारों पर बने चित्रों में शहर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत साफ झलकती नजर आई।
समिति के सचिव सीताराम कच्छावा ने बताया कि बीकानेर स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन और बीकानेर विकास प्राधिकरण के सहयोग से तीन दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें यह चित्रकारी कार्यशाला पहले दिन का मुख्य आकर्षण रही।
कार्यक्रम के संयोजक धर्मा स्वामी और उप संयोजक रामकुमार भादाणी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यशाला में कलाकारों ने जूनागढ़ किला, रामपुरिया हवेलियां, देशनोक करणी माता मंदिर, गजनेर झील और कोलायत सरोवर जैसे प्रमुख स्थलों के साथ-साथ सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राओं को भी दीवारों पर उकेरा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह मौजूद रहीं। विशिष्ट अतिथियों में सत्य प्रकाश आचार्य, सुमन छाजेड़, सिटी कोतवाली थाना अधिकारी सविता डाल, वरिष्ठ चित्रकार हरिगोपाल हर्ष और अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही सुषमा बिस्सा शामिल रहे। सभी अतिथियों ने सूर्य, चंद्रमा और स्वास्तिक चिन्ह बनाकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक व्यास ने की। अतिथियों का स्वागत शिवप्रकाश सोनी, विनोद महात्मा, चंद्रप्रकाश, कुसुम व्यास, घनश्याम महात्मा, सपना मोदी और सोनिका व्यास द्वारा किया गया।
इस दौरान शहर के अनेक गणमान्य लोगों और कलाकारों ने व्यवस्थाओं में सहयोग देकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
👉 खास बात:
यह चित्रकारी कार्यशाला न केवल शहर की कला और संस्कृति को प्रदर्शित करती है, बल्कि बीकानेर के प्रति कलाकारों के प्रेम और सम्मान को भी दर्शाती है।

Subscribe to my channel


