धर्मबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
विश्व नवकार महामंत्र दिवस 9 अप्रैल: वैश्विक स्तर पर होगा जाप, भारत जैन महामंडल का आह्वान

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। 9 अप्रैल को मनाए जाने वाले विश्व नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर भारत सहित 108 देशों में श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक भावनाओं के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर भारत जैन महामंडल ने सभी जैन समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
भारत जैन महामंडल के बालोतरा अध्यक्ष ओम प्रकाश बांठिया एवं सचिव महेंद्र चोपड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह दिवस विश्व शांति, प्रेम और आध्यात्मिक साधना को समर्पित है। नवकार महामंत्र को जैन धर्म में सर्वोच्च और श्रेष्ठ मंत्र माना गया है, जो प्रत्येक जीव के कल्याण और सकारात्मक ऊर्जा के संचार का माध्यम है।
उन्होंने बताया कि इस दिन पूरे विश्व में निर्धारित समय सुबह 8:01 बजे से 9:36 बजे तक सामूहिक रूप से नवकार महामंत्र का जाप किया जाएगा। बालोतरा में भी जीटो (JITO) के अध्यक्ष भरत मेहता, सचिव अरुण मेहता एवं समन्वयक विजय वडेरा के नेतृत्व में श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथ भवन में इस विशेष जाप कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
बांठिया ने जैन समाज के सभी संगठनों से अपील करते हुए कहा कि जहां-जहां जीटो की शाखाएं नहीं हैं, वहां भी साधु-साध्वी भगवंत के सानिध्य में, उपाश्रय या स्थानक में सामूहिक रूप से बैठकर इस पावन दिवस पर नवकार महामंत्र का जाप करें।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि विश्व में शांति, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा के प्रसार का एक महत्वपूर्ण प्रयास भी है।

Subscribe to my channel


