बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित

सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, हमारी संयुक्त जिम्मेदारी- सांसद बेनीवाल

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

 

बालोतरा, 8 अप्रैल। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक बुधवार को बालोतरा पंचायत समिति सभागार में सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।

सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने कहा कि जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की नियमित और सार्थक समीक्षा से आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान संभव हो रहा है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी सक्रियता और समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आमजन को राज्य एवं केन्द्र सरकार की योजनाओं का त्वरित लाभ मिल सके।

बैठक में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सांसद ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व में हुई त्रुटियों की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए तथा सरकार की मंशा के अनुरूप हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पेयजल उपलब्धता के प्रयासों में तेजी लाने और जल संकट वाले क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्थाएं समय रहते करने के निर्देश दिए।

विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पर चर्चा करते हुए सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक बिजली पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी परिवार विद्युत सुविधा से वंचित नहीं रहे। उन्होंने उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए सुधारात्मक कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।

कृषि क्षेत्र की योजनाओं की समीक्षा के दौरान सांसद ने कहा कि जिले के किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का शत-प्रतिशत लाभ दिलाया जाए। इसके साथ ही कृषि आदान अनुदान सहायता राशि समय पर किसानों तक पहुंचाने के लिए संबंधित विभागों को प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत बजट का सदुपयोग सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा में पूर्ण किए जाएं। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण करें तथा कार्यादेश के अनुसार सभी परियोजनाओं को समय पर पूर्ण करवाना सुनिश्चित करें।

बैठक के अंत में सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की संयुक्त जिम्मेदारी है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करें।

बैठक में जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि कुमार, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराम कलबी समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button