बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
विश्व ऑटिज्म दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, दिव्यांग बच्चों को स्वावलंबी बनाने पर जोर

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। विश्व ऑटिज्म दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय न्यास भारत सरकार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोतरा के संयुक्त तत्वावधान में तथा सोसाइटी फॉर सिंगल वूमेन एंपावरमेंट एंड रिलीफ जैसलमेर द्वारा “बढ़ते कदम” जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, कौशल विकास और स्वावलंबन पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोतरा एवं अपर सेशन न्यायाधीश श्री सिद्धार्थ दीप ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांग बच्चों को शिक्षा और दक्षता प्रदान कर उन्हें स्वावलंबी बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समाज, अभिभावक और संस्थाएं मिलकर कार्य करें तो दिव्यांग बच्चे भी जीवन में आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
अधिवक्ता कैलाश चंद्र माहेश्वरी ने बताया कि विश्व ऑटिज्म दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम की महत्ता और बढ़ जाती है, क्योंकि ऑटिज्म के बारे में अभी भी समाज में जागरूकता का अभाव है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाने पर बल दिया।
विशिष्ट अतिथि खरतरगच्छ युवा परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक गोलेछा ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांगता विकास में बाधक नहीं है, बल्कि दिव्यांगजनों के प्रति समाज की नकारात्मक सोच सबसे बड़ी बाधा है। उन्होंने समुदाय को जागरूक एवं संवेदनशील बनाने का आह्वान किया।
रोटरी इंटरनेशनल पूर्व सह प्रांतपाल सीए ओम बांठिया ने कहा कि दिव्यांग बच्चों का सर्वांगीण विकास शिक्षा के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम में अभिभावक के रूप में निर्मला माहेश्वरी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि समय पर पहचान, उचित प्रशिक्षण और परिवार के सहयोग से दिव्यांग बच्चों में सकारात्मक बदलाव संभव है।
फिजियो थैरेपिस्ट डॉ पूजा सिंघल ने कहा कि ऐसे बच्चो को नियमित थेरेपी एव गतिविधियां प्रदान कर उनके जीवन को हम आसान बना सकते हे।
वी क्लब जसोल बालोतरा की अध्यक्ष खुशबू ढेलरिया ने सभी से आह्वान किया कि हम सब मिलकर दिव्यांग बच्चों के सपनों को साकार करने में योगदान दें और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करें।
इस अवसर पर “ऑटिज्म क्या है” विषय पर तैयार जागरूकता पोस्टर का विमोचन मुख्य अतिथि श्री सिद्धार्थ दीप एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन ओम बांठिया ने किया।
कार्यक्रम में सुनील, तेजाराम, प्रवीण एवं मंजू देवी ने सहयोग किया। अंत में संस्था अध्यक्ष सत्यनारायण ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अभिभावकों, समाजसेवियों एवं आमजन की उपस्थिति रही।

Subscribe to my channel


