खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
तिजारा में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, प्रशासन ने शुरू किया सर्वे
प्रभावित गांवों का दौरा कर अधिकारियों ने लिया जायजा, किसानों को जल्द राहत का भरोसा

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
तिजारा. उपखंड क्षेत्र तिजारा में हाल ही में हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए नुकसान के आकलन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उपखंड अधिकारी संजीव कुमार वर्मा के निर्देशन में तहसीलदार तिजारा एवं राजस्व टीम ने ग्राम लुहादेरा, बिरामपुर, बामनथेड़ी और असलीमपुर का संयुक्त दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने खेतों में पहुंचकर प्रभावित फसलों का निरीक्षण किया और किसानों से सीधे संवाद कर वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने मौके पर ही नुकसान का सर्वे प्रारंभ कर दिया है, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द राहत दिलाई जा सके। प्रशासन की ओर से सर्वे कार्य में पारदर्शिता और तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
उपखंड अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सर्वे कार्य पूरी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ किया जाए, जिससे राज्य सरकार द्वारा दी जाने वाली सहायता समय पर किसानों तक पहुंच सके। प्रशासन ने किसानों को आश्वस्त किया है कि फसल नुकसान से संबंधित सभी आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएगी।

Subscribe to my channel


