उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
मण्डलायुक्त ने की विकास योजनाओं की समीक्षा, अधूरी योजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 28 मार्च 2026 (सू.वि.)
मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में शासन की प्राथमिकताओं एवं विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं की मण्डलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मण्डलायुक्त ने पीएम सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, जल जीवन मिशन, लोक निर्माण, लोक शिकायत, सीएम डैशबोर्ड, पंचायती राज, नियोजन, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि एवं सहकारिता सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मण्डलीय अधिकारियों से योजनावार अद्यतन प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष के अंत में सभी अधूरी एवं अपूर्ण योजनाओं में तेजी लाकर अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए। साथ ही योजनाओं का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों की सतत निगरानी से जनपद की रैंकिंग में सुधार संभव है, इसलिए किसी भी स्थिति में रैंकिंग प्रभावित न होने दी जाए।
पशुपालन विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने निराश्रित गोवंशों के संरक्षण हेतु सहभागिता योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, भूसा एवं हरे चारे की उपलब्धता का भौतिक सत्यापन कराने तथा पशुओं की जियो टैगिंग की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही ब्लॉक स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने को कहा।
मण्डलायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि जिन योजनाओं में कार्य अभी अपूर्ण है और अधिक समय की आवश्यकता है, उनके लिए शासन स्तर पर पत्राचार कर नई समय-सीमा निर्धारित कराई जाए तथा सीएमआईएस पोर्टल पर डेटा अपडेट किया जाए। उन्होंने कर्मयोगी पोर्टल से संबंधित कोर्स पूर्ण करने पर भी जोर दिया। पुलिस विभाग की प्रगति को संतोषजनक बताया गया।
अपर आयुक्त मनोज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आईजीआरएस के अंतर्गत पंचायत राज के 43, पिछड़ा वर्ग के 46, विद्युत के 21 और शिक्षा के 10 प्रकरण लंबित हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण 31 मार्च तक सुनिश्चित किया जाए।
बैठक का संचालन संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी बस्ती श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर शिवशरणप्पा जीएन, जिलाधिकारी संतकबीरनगर आलोक कुमार, सीडीओ सार्थक अग्रवाल सहित मण्डल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


