ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थानस्वास्थ्य
टपूकड़ा में रक्तदान व निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 417 से अधिक लोगों ने कराई जांच

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
टपूकड़ा-तिजारा. सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाते हुए लायंस क्लब भिवाड़ी एवं त्रेहान विवांता रेजिडेंस वेलफेयर सोसाइटी, टपूकड़ा के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क नेत्र जांच, सामान्य चिकित्सा परीक्षण एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। आयोजन संयोजक अखिलेश यादव ने बताया कि शिविर में 417 से अधिक लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच करवाई। साथ ही सैकड़ों लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। शिविर में गुरुग्राम स्थित मेदांता हॉस्पिटल के अनुभवी चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं देते हुए मरीजों की गहन जांच की और आवश्यक परामर्श प्रदान किया।
लायंस क्लब के अध्यक्ष मृत्युंजय पांडे ने जानकारी दी कि रक्त संग्रहण का कार्य बंसल ब्लड सेंटर, जयपुर द्वारा किया गया। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को सम्मान पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। विशेष बात यह रही कि युवाओं के साथ-साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई, जिससे समाज में जागरूकता और सेवा भावना का सकारात्मक संदेश गया। इस अवसर पर आरडब्ल्यूए अध्यक्ष रनसिंह यादव, उपाध्यक्ष अशोक गुलाटी, अनुज, लायंस क्लब अध्यक्ष मृत्युंजय पांडे, सावित्री गौतम, एस.के. त्यागी, मनोज, विनय गुप्ता, संजय सैनी एवं संजीव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


