उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़संतकबीर नगरस्वास्थ्य
धनघटा चौराहे पर दर्दनाक हादसा: डंपर की चपेट में आकर 19 वर्षीय छात्रा की मौत, चालक गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ राणा प्रताप राय
संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। घटना धनघटा चौराहे पर उस समय हुई जब छात्रा साइकिल से कोचिंग पढ़ने जा रही थी। तेज रफ्तार डंपर ने छात्रा को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय खुशी यादव पुत्री अर्जुन यादव निवासी ग्राम मिठना सिठना, धनघटा क्षेत्र में साइकिल से कोचिंग पढ़ने जा रही थी। इसी दौरान धनघटा चौराहे के पास तेज रफ्तार से आ रहे डंपर ने छात्रा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही धनघटा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डंपर और चालक को मौके से ही पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय डंपर तेज रफ्तार में था, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि धनघटा चौराहे पर तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। वहीं पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Subscribe to my channel

