खैरथल- तिजाराधर्मब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
भव्य जन्मोत्सव पर सजेगा श्री बगीची दूधाधारी हनुमान मंदिर, 2 अप्रैल को निकलेगी शोभायात्रा

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
तिजारा। कस्बे के मुख्य मार्ग स्थित सार्वजनिक श्री बगीची दूधाधारी हनुमान जी मंदिर में आगामी 2 अप्रैल, गुरुवार को श्री हनुमान जन्मोत्सव हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर कमेटी की ओर से तीन दिवसीय विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा, जिसकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष रामोवतार सैनी एवं उपाध्यक्ष राकेश डाटा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 31 मार्च, मंगलवार को प्रातः 9:15 बजे श्रीरामचरितमानस के अखंड पाठ से होगा। इसके पश्चात 1 अप्रैल, बुधवार को अखंड रामायण पाठ की पूर्णाहुति की जाएगी। इसी दिन दोपहर 3:15 बजे कस्बे के मुख्य मार्गों से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं का मन मोह लेंगी।
कमेटी सचिव राजेश शर्मा एवं उपसचिव हिमांशु कटारिया के अनुसार 2 अप्रैल, गुरुवार को प्रातः 5:15 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद प्रातः 9:15 बजे बाबा की श्रृंगार आरती व ध्वजारोहण होगा। प्रातः 11:15 बजे संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा तथा 11:30 बजे सीनियर युवा जागृति मंडल द्वारा विशाल भंडारा प्रसादी का वितरण किया जाएगा।
कोषाध्यक्ष नरेश शर्मा ने बताया कि शाम 7:15 बजे नन्हे बालकों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। रात्रि 11:15 बजे महाआरती के साथ बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा, जिसकी प्रसादी श्रद्धालुओं में वितरित की जाएगी।
इस अवसर पर मंदिर परिसर को फूलों एवं विद्युत लड़ियों से भव्य रूप से सजाया जा रहा है। बाबा का अलौकिक श्रृंगार भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। जन्मोत्सव को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

Subscribe to my channel


