उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़रोज़गार
बस्ती में मुख्यमंत्री रेशम योजना के तहत भव्य रेशम मेला आयोजित, किसानों को आत्मनिर्भर बनने का संदेश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 20 मार्च 2026 (सू.वि.)
जनपद बस्ती के राजकीय रेशम फार्म कजरीकुंड पर रेशम विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री रेशम योजना के अंतर्गत एकदिवसीय जनपद स्तरीय रेशम मेला एवं प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में जिलेभर से आए किसानों, स्वयं सहायता समूहों और विभागीय अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, राज्य मंत्री एवं गौ सेवा आयोग उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर किसान आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने रेशम कीट पालन को आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताया और अधिक से अधिक किसानों से इस योजना से जुड़ने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि, हर्रैया विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्र ने भी किसानों को प्रेरित करते हुए कहा कि रेशम उत्पादन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
इस दौरान केंद्रीय रेशम बोर्ड के वैज्ञानिक डॉ. राम लखन राम और कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. प्रेमशंकर ने किसानों को रेशम कीट पालन की आधुनिक तकनीकों और लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मेले में उत्कृष्ट कार्य करने वाली दो प्रगतिशील रेशम उत्पादकों श्रीमती सरपता एवं सुश्री चांदनी को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सुधीर पांडे द्वारा किया गया। मेले में स्वयं सहायता समूहों के साथ-साथ रेशम विभाग, दुग्ध विभाग, उद्यान विभाग, गन्ना विभाग एवं कृषि विभाग के स्टाल लगाए गए, जहां किसानों को विभिन्न योजनाओं और तकनीकों की जानकारी दी गई।
अंत में सहायक निदेशक रेशम बस्ती द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग हरेंद्र प्रताप, भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. राज मंगल चौधरी, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. पी.के. मिश्रा, राष्ट्रीय ब्राह्मण महासभा बस्ती के जिलाध्यक्ष नवीन दुबे सहित विभिन्न विकास खंडों के 400 से अधिक किसान उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


