बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराजस्थान

पचपदरा विधायक डॉ अरुण चौधरी ने केंद्रीय मंत्रियों से शिष्टाचार मुलाकात कर क्षेत्र के विकास की चर्चा की

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा, 16 मार्च। पचपदरा विधायक डॉ अरुण चौधरी ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। विधायक चौधरी ने विभिन्न मंत्रालयों के समक्ष बालोतरा-पचपदरा क्षेत्र की आवश्यकताओं को रखते हुए सकारात्मक पहल की।

विधायक ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर बालोतरा जिले के ग्रामीण क्षेत्र थोब एवं बुडीवाड़ा में राष्ट्रीयकृत बैंक शाखाएं खोलने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं की कमी के कारण ग्रामीणों, किसानों एवं छोटे व्यापारियों को आर्थिक लेनदेन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यदि यहां बैंक शाखाएं खोली जाती हैं तो ग्रामीणों को वित्तीय सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

इसके अलावा विधायक चौधरी ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बालोतरा में सैन्य संग्रहालय (मिलिट्री म्यूजियम) स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। विधायक ने बताया कि इस क्षेत्र के कई जवान भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और देश की रक्षा में योगदान दिया है। सैन्य संग्रहालय बनने से युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत होगी तथा सेना के इतिहास और वीर सैनिकों के योगदान से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। साथ ही यह बालोतरा के लिए एक नया पर्यटन आकर्षण भी बन सकता है।

वहीं विधायक ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर बालोतरा-पचपदरा रेल लाइन परियोजना से जुड़ा मुद्दा भी उठाया। उन्होंने निवेदन किया कि रेल लाइन के प्रस्तावित मार्ग को इस प्रकार निर्धारित किया जाए जिससे स्थानीय नागरिकों के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। विधायक ने सुझाव दिया कि रेल मार्ग को वैकल्पिक स्थान से निकाला जाए ताकि शहर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात बाधित न हो तथा आमजन को सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था मिल सके।

विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार इन मांगों पर सकारात्मक विचार करेगी, जिससे बालोतरा-पचपदरा क्षेत्र में बैंकिंग, पर्यटन और परिवहन सुविधाओं को नया विस्तार मिलेगा। उन्होने केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी से मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान विधायक चौधरी ने प्रवासी राजस्थानी भाइयों की सुविधा के लिए नियमित हवाई सेवा शुरू करने तथा रेल लाइन के नियमित विस्तार की मांग रखी।

विधायक डॉ. चौधरी ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि बालोतरा-पचपदरा क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग रोजगार और व्यवसाय के लिए देश-विदेश के विभिन्न शहरों में निवास करते हैं। ऐसे में क्षेत्र से प्रमुख शहरों के लिए नियमित उड़ान सेवा शुरू होने से प्रवासी राजस्थानी भाइयों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में रेल संपर्क का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। रेल लाइन के नियमित विस्तार और बेहतर रेल कनेक्टिविटी से व्यापार, उद्योग तथा पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को भी आवागमन में सहूलियत होगी।

केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि संबंधित विभागों के साथ इस विषय पर विचार कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button