LIVE TVअपराधबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बीकानेर पुलिस ने पकड़ा 40 लाख का नशा, भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
श्रीगंगानगर/बीकानेर:
बीकानेर रेंज पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर नाकेबंदी के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में अफीम और डोडा पोस्त बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 35 से 40 लाख रुपये आंकी जा रही है।
लकड़ी की प्लाई के नीचे छिपा था नशा
महानिरीक्षक पुलिस (IG) श्री ओमप्रकाश के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पवन कुमार भदौरिया के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। बीकानेर रेंज की स्पेशल टीम और श्रीगंगानगर के राजियासर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर लकड़ी की प्लाई से भरे एक ट्रक (RJ 14 GA 5446) को रुकवाया। तलाशी लेने पर ट्रक से 10 किलो 700 ग्राम अफीम और 5 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ।
हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान इस प्रकार है:
सुरेन्द्र कुमार (30 वर्ष): निवासी गंगा, तहसील मंडी डबवाली, जिला सिरसा (हरियाणा)।
शिवकुमार (55 वर्ष): निवासी गंगा, तहसील मंडी डबवाली, जिला सिरसा (हरियाणा)।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस सफल ऑपरेशन में रेंज कार्यालय के एएसआई विमलेश कुमार, कांस्टेबल बाबूलाल (778), धर्मपाल और आत्माराम का विशेष योगदान रहा। राजियासर थाने से उपनिरीक्षक मुंशीखां और उनकी टीम भी इस कार्रवाई में शामिल रही। विशेष रूप से कांस्टेबल बाबूलाल की सटीक आसूचना इस गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण साबित हुई।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस तस्करी नेटवर्क के मुख्य सरगना और पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके।
Subscribe to my channel


