उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में गैस सिलेण्डरों की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचने की अपील

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 16 मार्च 2026 (सूचना विभाग)। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में घरेलू गैस सिलेण्डरों की पर्याप्त आवक और उपलब्धता बनी हुई है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि गैस सिलेण्डर की कमी को लेकर फैल रही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से अतिरिक्त सिलेण्डर भंडारित न करें।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अपने पास उपलब्ध गैस सिलेण्डर का सामान्य रूप से उपयोग करें। गैस समाप्त होने पर उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग कराकर आसानी से सिलेण्डर प्राप्त कर सकते हैं। बुकिंग के लिए भारत पेट्रोलियम का आईवीआरएस नंबर 7718012345, इंडियन ऑयल का 8454955555 तथा हिन्दुस्तान पेट्रोलियम का 9222201122 / 9493602222 निर्धारित किया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार पहली बुकिंग के बाद नगरीय क्षेत्र में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिन के बाद दूसरी बुकिंग की व्यवस्था निर्धारित है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग या ओटीपी से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए संबंधित तेल कंपनियों के विक्रय अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।
इंडियन ऑयल (IOCL) – विक्रय अधिकारी संतोष सोनी (मो. 9451122933)
भारत पेट्रोलियम (BPCL) – विक्रय अधिकारी अभिषेक कुमार सिंह (मो. 8093680119)
हिन्दुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) – विक्रय अधिकारी आकाश कुशवाहा (मो. 9794771177)
इसके अलावा जनपद के विभिन्न विकास खंडों में तैनात पूर्ति निरीक्षक भी उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध रहेंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि 17 मार्च को जनपद में 10,606 रिफिल गैस सिलेण्डरों की आपूर्ति की कार्ययोजना तेल कंपनियों द्वारा दी गई है। ऐसी स्थिति में गैस की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है और उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों पर सिलेण्डर लेकर लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद 48 से 72 घंटे के भीतर होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेण्डर उपलब्ध करा दिया जाएगा। होम डिलीवरी के समय उपभोक्ता को ओटीपी नंबर देना अनिवार्य होगा। बिना ऑनलाइन बुकिंग और ओटीपी के गैस की आपूर्ति नहीं की जाएगी।
उपभोक्ताओं से यह भी अपील की गई है कि भरे हुए सिलेण्डर को स्वयं मोटरसाइकिल आदि से ले जाने से बचें, क्योंकि इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
गैस वितरण से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 05542-247128 है। यहां राजस्व, खाद्य एवं रसद तथा पुलिस विभाग के कर्मचारी तैनात कर समस्याओं का समाधान कराया जा रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने अंत में उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे ऑनलाइन बुकिंग कराकर होम डिलीवरी के माध्यम से ही गैस प्राप्त करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
Subscribe to my channel


