उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा
बस्ती में पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 14 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा को लेकर जनपद बस्ती में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने शनिवार को जिले में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महिला डिग्री कॉलेज, ए.पी.एन. डिग्री कॉलेज तथा गोविंद राम सेकेंडरी इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। उन्होंने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास द्वार, पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकल-विहीन वातावरण में संपन्न कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश के समय सघन जांच व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा प्रबंधों को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा कक्षों में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की।
इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन में स्थापित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और वहां से परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की निगरानी के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


