देशबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

शादी समारोह में अणुव्रत समिति का नशा मुक्ति अभियान, लोगों को दिलाया नशा न करने का संकल्प

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

जसोल (राजस्थान), 08 मार्च 2026:

राजस्थान में चल रहे शादी समारोहों के बीच सामाजिक जागरूकता का संदेश देने का एक सराहनीय प्रयास सामने आया है। निकटवर्ती ग्राम पंचायत माजिवाला (जसोल) में आयोजित एक शादी समारोह के अवसर पर अणुव्रत समिति जसोल द्वारा नशा मुक्ति अभियान चलाते हुए बैनर लगाया गया और उपस्थित लोगों को नशा नहीं करने का संकल्प दिलाया गया।

समारोह में अणुव्रत समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए हर सामाजिक और धार्मिक आयोजन का सदुपयोग किया जाना चाहिए। ऐसे अवसरों पर व्यसन मुक्ति, सद्भावना और नैतिकता से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाना बेहद जरूरी है।

माजिवाला गांव में प्रजापत समाज के वरिष्ठ पंच व समाजसेवी भूराराम गोयल (77 वर्ष) की पौत्रियों अनीता एवं कान्ता का विवाह क्रमशः श्रवण बागरेचा और विक्रम गामण के साथ 08 मार्च 2026 को प्रातः 7 बजे मंगल बेला में संपन्न हुआ। विवाह समारोह के दौरान आयोजित आशीर्वाद व स्नेह मिलन कार्यक्रम में संत श्री कुशलगिरिजी महाराज (मोती मंठ जसोल) का सान्निध्य प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम में पिछले 25 वर्षों से बाबा श्री रामदेव मेले के अवसर पर सिवाना फांटा पर पैदल यात्रियों के लिए ठहरने, भोजन, चाय-नाश्ता और निशुल्क दवाइयों की व्यवस्था करने वाले समाजसेवी भूराराम गोयल को अणुव्रत समिति की ओर से अणुव्रत दुपट्टा और साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया। इस सेवा कार्य में पंच मांगीलाल प्रजापत (76 वर्ष) का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा है।

अणुव्रत मंत्री सफरूखान ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि “नशा नाश का घर होता है, इसलिए नशे को ना कहें।” उन्होंने उपस्थित लोगों को संदेश दिया कि यदि कोई बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, शराब या अन्य नशे की चीज़ों का आग्रह करे तो दृढ़ता से “ना सा ना” कहें और बार-बार चाय, कॉफी या ठंडे पेय का आग्रह हो तो “बस सा बस” कहें।

इस अवसर पर पूर्व विधायक मदन प्रजापत, पूर्व प्रधान भगवत सिंह जसोल, पूर्व सरपंच ईश्वर सिंह चौहान, श्याम सिंह मेवानगर, भाजपा नेता भवानी सिंह टापरा, इंद्राराम वकील, रतन खत्री, मेहबूब खान सिंधी, भंवरलाल बेनीवाल, रेणु सोलंकी, उमेश सोनी, राजेश सेजू, भेरुसिंह राजपुरोहित, भीम सिंह सरपंच, किशनलाल देवासी सरपंच, पहाड़ सिंह कुण्डल, गणपत सिंह भाटी सहित विभिन्न गांवों के समाज प्रतिनिधि और पंच उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में आए अतिथियों का राजस्थानी परंपरा के अनुसार चुनड़ी और साफा पहनाकर स्वागत व अभिनंदन किया गया। पूरी सभा नशामुक्त रही तथा मेहमानों के भोजन के लिए बाजोट पर कतारबद्ध बैठने की सुंदर व्यवस्था की गई। आयोजकों ने लोगों से थाली में झूठा नहीं छोड़ने और भोजन की थाली में हाथ नहीं धोने का भी आग्रह किया।

समारोह की व्यवस्थाओं की सभी आगंतुकों ने सराहना की। आयोजन के दौरान शंकरलाल, राणाराम और महेश कुमार तीनों भाई पूरे समय सेवा में लगे रहे।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button