उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
हर्रैया तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 58 शिकायतों में से 7 का मौके पर निस्तारण

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 07 मार्च 2026। जनता की समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हर्रैया तहसील सभागार में किया गया। कार्यक्रम उप जिलाधिकारी सत्येन्द्र सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी स्वर्णिमा सिंह भी मौजूद रहीं।
उप जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिक अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर सरकारी कार्यालयों में आते हैं, इसलिए जन समस्याओं का समाधान करना सभी अधिकारियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव नहीं हो सका है, संबंधित विभाग के अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 58 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 07 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 19, पुलिस विभाग के 14, विद्युत विभाग के 07, विकास विभाग के 13 तथा अन्य विभागों के 05 प्रार्थना पत्र शामिल रहे।
कार्यक्रम में डीएफओ डॉ. शिरीन, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार सिंह, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, एलडीएम आर.एन. मौर्या, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


