उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा, प्रभारी मंत्री ने दिए सख्त निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 07 मार्च 2026।
जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्राविधिक शिक्षा व उपभोक्ता मामले मंत्री आशीष कुमार पटेल की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक की शुरुआत में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने प्रभारी मंत्री को बुके देकर स्वागत किया। इस दौरान विधायक हर्रैया अजय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कानून व्यवस्था पर जताया संतोष
प्रभारी मंत्री ने सबसे पहले जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर जनप्रतिनिधियों ने संतोष व्यक्त किया। इसके बाद पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई।
विकास परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश
बैठक में विभिन्न विभागों की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि सभी अधूरी परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा कर संबंधित विभागों को हैंडओवर किया जाए। साथ ही बाढ़ से बचाव के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।
सड़कों की मरम्मत और अवैध कट बंद करने के आदेश
सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द पैचिंग कराने का निर्देश दिया। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को हाईवे पर बने अवैध कटों को चिन्हित कर बंद करने को कहा।
जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा
जल जीवन मिशन के तहत चल रही परियोजनाओं की समीक्षा में पाया गया कि कुल 855 परियोजनाओं में से 193 पूर्ण हो चुकी हैं। शेष परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचे
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आबकारी अधिकारी की अनुपस्थिति पर नाराजगी
बैठक के दौरान जिला आबकारी अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर प्रभारी मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए मुख्य विकास अधिकारी को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग
एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह ने बैठक में ऑटो रिक्शा के रूट निर्धारित करने का सुझाव दिया ताकि शहर में जाम की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, डीएफओ डॉ. शिरीन सिद्दीकी, डीडीओ अजय कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


