उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य
होली से पहले बस्ती में स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खुली, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दुबौलिया के औचक निरीक्षण में कई कर्मचारी गैरहाजिर

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 2 मार्च 2026।
होली पर्व को देखते हुए जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दुबौलिया का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण अपराह्न 1:30 बजे किया गया, जिसमें अस्पताल की व्यवस्थाओं, कर्मचारियों की उपस्थिति तथा आपातकालीन सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान एमओआईसी द्वारा जारी रोस्टर के अनुसार ड्यूटी पर उपस्थित रहने वाले कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इनमें एमओआईसी और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं थे। वहीं ड्यूटी परिवर्तन के बाद जारी नए रोस्टर में भी डॉ. राकेश शुक्ला, एलटी विजय बहादुर एवं एसटीएलएस अशरफ अली अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के लगभग 45 मिनट बाद एमओआईसी अस्पताल पहुंचे।
आपातकालीन कक्ष के निरीक्षण में स्वच्छता की कमी सामने आई। आवश्यक उपकरण जैसे लैरिंगोस्कोप और सक्शन मशीन निर्धारित स्थान पर उपलब्ध नहीं थे। इसके अलावा आपातकालीन रजिस्टर भी निर्धारित प्रारूप में संधारित नहीं पाया गया और प्रविष्टियां अव्यवस्थित मिलीं।
मुख्य फार्मासिस्ट से उपलब्ध और अनुपलब्ध दवाओं की सूची मांगी गई, लेकिन वे ऑनलाइन पोर्टल से संबंधित जानकारी प्रस्तुत नहीं कर सके और निरीक्षण समाप्त होने तक आवश्यक विवरण नहीं दिया गया।
इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया गया है कि संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेकर दो दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही यह भी स्पष्ट करने को कहा गया है कि आपातकालीन ड्यूटी के बावजूद कर्मचारी समय पर उपस्थित क्यों नहीं थे।
होली जैसे बड़े त्योहार से पहले स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही से मरीजों को परेशानी हो सकती है, इसलिए प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

Subscribe to my channel


