उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में जिला एकीकरण समिति की बैठक सम्पन्न, राष्ट्रीय एकता और साम्प्रदायिक सौहार्द पर जोर

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 26 फरवरी 2026 (सू.वि.)। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी की अध्यक्षता में जिला एकीकरण समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, भाईचारा, धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र की भावना को मजबूत करना तथा साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए जनहित में सुझाव देना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष ने कहा कि होली, ईद और रामनवमी जैसे प्रमुख त्योहारों को आपसी मेलजोल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए समिति संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने आमजन को एकता और सद्भाव का संदेश देने हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया।
सड़कों और प्रकाश व्यवस्था सुधारने के निर्देश
अध्यक्ष के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान ने एनएचआई के अधिकारियों को सर्विस रोड फुटहिया की खराब स्थिति को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही मूडघाट, बड़ेवन, पटेल चौक, कप्तानगंज और हर्रैया क्षेत्र की सर्विस रोड तथा प्रकाश व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करने को कहा गया।
संत गाडगे की प्रतिमा के स्थान पर उठी आपत्ति
विधायक प्रतिनिधि हर्रैया सरोज मिश्र ने निकट पानी टंकी के पास स्थापित संत गाडगे की प्रतिमा के स्थान को अनुचित बताते हुए उसे जनहित में विस्थापित करने की मांग की। इस पर एडीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को स्थल निरीक्षण कर उचित समाधान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिला अस्पताल में शव वाहन से दवा ढोने पर सवाल
एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह ने जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में शव वाहन से दवाएं ले जाने के मामले को अनुचित बताया। समिति सदस्य एवं वरिष्ठ पत्रकार सरदार जगवीर सिंह ने पत्रकारों को लोकल पर्चेज दवाओं की सुविधा न मिलने का मुद्दा उठाया।
मुख्य चिकित्साधिकारी राजीव निगम ने आश्वासन दिया कि शव वाहन प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा पत्रकारों को शासनादेश के अनुरूप दवा सुविधा उपलब्ध कराने की पुनर्समीक्षा की जाएगी।
अन्य जनसमस्याओं पर भी हुई चर्चा
विधायक प्रतिनिधि गुलाब चन्द्र सोनकर ने अस्पताल चौराहे पर लगे विद्युत पोल की शिफ्टिंग न होने की समस्या उठाई, जिस पर संबंधित अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया गया।
नामित सदस्य मजहर आजाद ने दलित एवं मलिन बस्तियों में कैंप लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने की मांग की। इस पर नगरपालिका और जिला पंचायत राज अधिकारी को अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में वरिष्ठ पत्रकार स्कन्द शुक्ला और अनुराग श्रीवास्तव ने भी विभिन्न जनहित समस्याएं उठाईं। विधायक प्रतिनिधि महादेवा फूल चन्द्र श्रीवास्तव ने स्पेशल एजुकेटर चयन सूची निरस्त होने पर चिंता जताई, जिस पर एडीएम ने शासन की गाइडलाइन के अनुसार प्रक्रिया पूरी करने का आश्वासन दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, डीडीओ अजय कुमार सिंह, पीडी राजेश कुमार, सांसद प्रतिनिधि जवाहर वर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
— BASTI TIMES 24 NEWS | जनता की आवाज़

Subscribe to my channel


