बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
महावीर इंटरनेशनल का जन-जागरूकता अभियान: सिंगल यूज प्लास्टिक छोड़ें, कपड़े की थैली अपनाएं

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। पॉलिथीन एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को बंद करने और “कपड़े की थैली मेरी सहेली” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए महावीर इंटरनेशनल द्वारा आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रम में डॉ. ललित के. पंवार (सदस्य, नीति आयोग) ने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की।
डॉ. पंवार ने अभियान के बैनर का विमोचन और “कपड़े की थैली मेरी सहेली” का लोकार्पण करते हुए कहा कि पॉलिथीन और सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण को गंभीर नुकसान हो रहा है, इसलिए हर नागरिक को कपड़े की थैली अपनानी चाहिए। उन्होंने इस अभियान को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।
महावीर इंटरनेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट के ट्रस्टी ओमप्रकाश बांठिया ने बताया कि संस्था द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर “कपड़े की थैली मेरी सहेली” जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बालोतरा में भी केंद्र अध्यक्ष जवाहरलाल हुंडिया के नेतृत्व में यह अभियान लगातार जारी है।
इस अवसर पर नगर परिषद के पूर्व सभापति पारसमल भंडारी, उपखंड अधिकारी अशोक कुमार, पुलिस उप अधीक्षक अनिल पुरोहित और पूर्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दामोदर व्यास सहित कई गणमान्य लोगों ने अभियान को सफल बनाने और समाज के हर वर्ग से इसमें जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम में महावीर इंटरनेशनल के पदाधिकारी एवं सदस्य—जॉन चेयरमैन महेंद्र चोपड़ा, पूर्व अध्यक्ष धर्मेश चोपड़ा, जवेरीलाल मेहता, गौतमचंद दांती, भंवरलाल भंडारी, सुमेरसिंह, वगताराम पालीवाल सहित अनेक लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने प्लास्टिक मुक्त समाज बनाने और कपड़े की थैली उपयोग करने का संकल्प लिया।

Subscribe to my channel


