अलवरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
स्वच्छ जल–स्वच्छ मन’ के तहत निरंकारी सेवादारों का सफाई अभियान, अस्पताल परिसरों में चला विशेष स्वच्छता कार्यक्रम, मंत्री संजय शर्मा ने की सराहना

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
अलवर, 22 फरवरी। संत निरंकारी मंडल द्वारा ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के अंतर्गत रविवार को देशभर में ‘स्वच्छ जल–स्वच्छ मन’ अभियान के तहत लगभग 1500 स्थानों पर जलाशयों की सफाई की गई। इसी क्रम में अलवर शहर में जलाशय उपलब्ध नहीं होने के कारण सेवादारों ने विभिन्न सरकारी अस्पताल परिसरों में विशेष सफाई अभियान चलाया। अभियान के तहत राजकीय चिकित्सालय, शिशु चिकित्सालय, महिला चिकित्सालय, टीवी चिकित्सालय तथा ईएसआई डिस्पेंसरी में निरंकारी सेवादार भाई-बहनों व संगत के सदस्यों ने प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक स्वच्छता कार्य किया। कार्यक्रम जिला संयोजक सोमनाथ जी निरंकारी, संचालक शिल्लीराम जी एवं शिक्षक सुंदर सिंह जी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा रहे। उन्होंने निरंकारी मिशन की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभियानों से न केवल शहर स्वच्छ बनता है, बल्कि लोगों के मन भी निर्मल होते हैं। उन्होंने मिशन की सेवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सफाई अभियान के उपरांत प्रातः 11 बजे से 12:30 बजे तक चिकित्सालय परिसर में ही विशाल सत्संग का आयोजन किया गया, जो संयोजक सोमनाथ जी निरंकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। सत्संग में निरंकारी श्रद्धालुओं के साथ बड़ी संख्या में आमजन ने भी भाग लेकर सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रेस एंड पब्लिसिटी विभाग, संत निरंकारी मंडल अलवर के मीडिया सहायक राकेश कुमार ने कार्यक्रम की जानकारी प्रदान की।

Subscribe to my channel


