उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में मेगा क्रेडिट कैम्प आयोजित, 150 लाभार्थियों को मिला ऋण स्वीकृति पत्र

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 20 फरवरी 2026 (सू.वि.)
जिला प्रशासन एवं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के कोर्ट एरिया शाखा के सभागार में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक के संयुक्त तत्वावधान में मेगा क्रेडिट कैम्प (ऋण वितरण शिविर) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं के माध्यम से युवा उद्यमियों को स्वरोजगार हेतु अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि हर्रैया सरोज मिश्र, कप्तानगंज के गुलाब चन्द्र सोनकर, सदर के मो. सलीम तथा रूधौली के कुलदीप मौर्या ने पात्र लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र एवं डेमो चेक वितरित किए। लीड बैंक प्रबंधक आर.एन. मौर्या ने बताया कि शासन की मंशानुसार जनपद में मेगा क्रेडिट कैम्प आयोजित कर पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण प्रदान किया जा रहा है।
प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार स्वरोजगार और युवा उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। लाभार्थियों को चाहिए कि वे मिले ऋण का उपयोग कर अपना रोजगार स्थापित करें और आत्मनिर्भर बनें।
उपायुक्त उद्योग हरेन्द्र प्रताप ने बताया कि मेगा कैम्प में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत बैंकों द्वारा 150 ऋण आवेदनों पर स्वीकृति व वितरण की कार्यवाही की गई। वहीं उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) की पीएम सूर्यघर योजना के तहत 15 आवेदनों पर ऋण स्वीकृति दी गई, जबकि 537 आवेदन बैंक स्तर पर विचाराधीन हैं।
कार्यक्रम का संचालन भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. राजमंगल चौधरी ने किया। इस अवसर पर आरसेटी के निदेशक मृत्युंज मिश्र सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी व बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


