उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में विधिक सहायता प्री-कैम्प आयोजित, 22 फरवरी को मेगा शिविर में मिलेंगी सरकारी योजनाओं की सुविधाएं

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 20 फरवरी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बस्ती की ओर से विकास खण्ड कप्तानगंज में विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का प्री-कैम्प आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष शमसुल हक के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
प्री-कैम्प के दौरान सचिव राज बाबू ने जानकारी देते हुए बताया कि 22 फरवरी 2026 को अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह (बस्ती क्लब) में मेगा विधिक सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस वृहद शिविर में जिले के सभी सरकारी विभागों के समन्वय से कमजोर वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, निर्धन परिवार, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लोगों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार और लाभ वितरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को कानूनी रूप से सशक्त बनाना, उन्हें न्याय और सरकारी योजनाओं तक पहुंच दिलाना तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। मेगा शिविर में चिन्हित पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
सचिव ने बताया कि मेगा शिविर में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मीडिया एवं पराविधिक स्वयं सेवकों (अधिकार मित्रों) के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मेगा शिविर से पहले जिले की सभी तहसीलों और विकास खण्डों में प्री-कैम्प आयोजित कर पात्र लाभार्थियों की पहचान की जा रही है।
इस प्री-कैम्प में करीब 150 लोगों को विधिक साक्षरता प्रदान की गई और उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
👉 22 फरवरी को होने वाले मेगा शिविर में अधिक से अधिक लोगों से भाग लेने की अपील की गई है।

Subscribe to my channel


