खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानस्वास्थ्य
खैरथल में आयुर्वेद शल्य चिकित्सा शिविर बना ग्रामीणों के लिए वरदान, 9 दिनों में 3000 से अधिक रोगियों ने लिया लाभ

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
खैरथल-तिजारा, 14 फरवरी। आयुर्वेद विभाग द्वारा खैरथल के बल्लभ ग्राम स्थित स्वामी लीलाशाह कुटिया परिसर में आयोजित विशेष आयुर्वेद शल्य चिकित्सा शिविर ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है। इस शिविर में आयुर्वेद पद्धति के माध्यम से अर्श (पाइल्स), भगंदर (फिस्टुला) एवं बवासीर सहित विभिन्न जटिल रोगों का नि:शुल्क उपचार किया जा रहा है।
शिविर की विशेषता यह है कि यहां आधुनिक शल्य चिकित्सा की पारंपरिक चीरफाड़ के स्थान पर आयुर्वेद की क्षार सूत्र एवं अन्य पारंपरिक विधियों से उपचार किया जा रहा है, जिससे रोगियों को कम पीड़ा के साथ प्रभावी और स्थायी लाभ मिल रहा है। अब तक 9 दिनों में 3000 से अधिक रोगियों ने शिविर में परामर्श प्राप्त किया है तथा सैकड़ों रोगियों का सफलतापूर्वक क्षार सूत्र विधि से उपचार किया गया है।
गत दिवस आयुर्वेद विभाग, जयपुर संभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. बत्ती लाल बेरवा ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा शिविर प्रभारी डॉ. सुरेश वर्मा को शिविर को और अधिक प्रभावी एवं उपयोगी बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
शिविर के दौरान सहनिदेशक डॉ. अजीत बालयाण ने उपस्थित रोगियों को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति की उपयोगिता एवं वैज्ञानिक आधार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और प्राकृतिक औषधियों के माध्यम से संपूर्ण स्वास्थ्य संरक्षण का मार्ग प्रशस्त करता है।
उन्होंने यह भी बताया कि आयुर्वेदिक पद्धति रोग के मूल कारणों पर कार्य कर स्थायी समाधान प्रदान करती है। शिविर में आवश्यकतानुसार रोगियों को भर्ती कर समुचित उपचार एवं देखभाल की भी व्यवस्था की गई है।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयुर्वेद विभाग की इस पहल की सराहना की। ग्रामीणों ने इसे एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल बताते हुए कहा कि इस शिविर से उन्हें नि:शुल्क एवं प्रभावी उपचार का लाभ मिल रहा है।
आयुर्वेद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के शिविरों का आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों को आयुर्वेद चिकित्सा का लाभ प्रदान किया जाएगा।
शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण मुदगल, डॉ. अशोक चौधरी, डॉ. उमेंद्र मीणा, डॉ. अमित चावला, डॉ. पूजा अग्रवाल, डॉ. कुसुम यादव, डॉ. अशोक यादव, डॉ. पंकज गुप्ता, डॉ. राधेश्याम प्रजापत, डॉ. यादराम गुर्जर एवं डॉ. मुकेश साहू सहित विभागीय कंपाउंडर एवं परिचारक सेवाभाव से अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

Subscribe to my channel


