बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
गंगाशहर सैन मंदिर में अध्यक्ष पद हेतु 17 फरवरी को आम सभा, 3 वर्ष का कार्यकाल प्रस्तावित

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
गंगाशहर। सैन समाज गंगाशहर में संगठनात्मक व्यवस्था को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। सैन मंडल संस्थान गंगाशहर के अध्यक्ष पुरुषोत्तम नाई ने अपने तीन वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर पद छोड़ने की घोषणा करते हुए अध्यक्ष पद के लिए 3 वर्ष का निश्चित कार्यकाल लागू करने का प्रस्ताव रखा है।
अध्यक्ष पुरुषोत्तम नाई ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान सैन मंदिर परिसर में विभिन्न विकास कार्य, सैन जयंती महोत्सव सहित अनेक सामाजिक कार्यक्रम समाज के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुए। मंदिर परिसर में भवन निर्माण एवं समाजोपयोगी सामग्री एकत्रित करने जैसे कार्य समाज के भामाशाहों और सहयोगी सदस्यों के तन-मन-धन से संभव हो पाए। उन्होंने सभी समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें समाज से अपार स्नेह, सम्मान और सहयोग मिला, जिसके लिए वे सदैव ऋणी रहेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि अब समय की मांग है कि व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया जाए। इसी उद्देश्य से सैन मंदिर अध्यक्ष पद का कार्यकाल 3 वर्ष निर्धारित करने का निर्णय लिया गया है, ताकि प्रत्येक तीन वर्ष में चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से नई ऊर्जा और नवाचार के साथ नेतृत्व सामने आ सके। इससे सैन समाज और मंदिर परिसर के विकास कार्यों को और मजबूती मिलेगी।
इसी संबंध में 17 फरवरी 2026 (मंगलवार) को दोपहर 4 बजे से शाम 6 बजे तक सैन मंदिर परिसर, गंगाशहर में सैन समाज की आम सभा आयोजित की जाएगी। बैठक का मुख्य विषय सैन मंदिर अध्यक्ष पद के चुनाव से संबंधित रहेगा।
सैन मंडल संस्थान ने गंगाशहर के समस्त सैन समाज के बुजुर्गों, युवाओं और समाजबंधुओं से आम सभा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने विचार रखने और चुनाव प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

Subscribe to my channel


