धर्मबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
श्री श्याम आस्था परिवार बीकानेर द्वारा वार्षिक श्याम फागमहोत्सव संकीर्तन 26 फरवरी को

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर। फाल्गुन मास की उल्लासमयी बेला में श्याम भक्तों के लिए एक बार फिर भक्ति और रंगों का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। श्री श्याम आस्था परिवार बीकानेर द्वारा 26 फरवरी को श्याम प्रभु का वार्षिक फागमहोत्सव संकीर्तन बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। यह भव्य आयोजन दोपहर 1 बजे से बीकानेर के ऐतिहासिक लक्ष्मीनाथजी मन्दिर परिसर में सम्पन्न होगा।
संस्था के महामंत्री नवलकिशोर सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि फागोत्सव के अवसर पर श्याम भक्तों के लिए विशेष भजन संकीर्तन का आयोजन किया गया है, जिसमें श्री श्याम आस्था परिवार के सुप्रसिद्ध भजन गायक अपने मधुर भजनों से भक्तों को भाव-विभोर करेंगे। पूरा मंदिर परिसर श्याम नाम के जयघोष से गुंजायमान रहेगा।
कार्यक्रम संयोजक अभिषेक तिवारी ने बताया कि इस अवसर पर श्याम प्रभु का भव्य शीश दरबार विशेष पुष्पों से सजाया जाएगा। रंग-बिरंगे फूलों से सुसज्जित दरबार भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। साथ ही ठाकुर जी को पारंपरिक रीति से पुष्प होली खिलाई जाएगी और उपस्थित श्रद्धालुओं पर खाटू के केसर इत्र की सुगंधित वर्षा की जाएगी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और सुगंधित हो उठेगा।
तिवारी ने यह भी बताया कि आयोजन को सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु समिति का एक प्रतिनिधिमंडल जिला पुलिस अधीक्षक से मिला और कार्यक्रम के दौरान यातायात एवं कानून व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की। प्रशासन द्वारा भी आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया गया है।
फागमहोत्सव को लेकर प्रचार-प्रसार और व्यवस्थाओं की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समिति के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आयोजन को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
श्याम भक्तों में इस वार्षिक फागमहोत्सव संकीर्तन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यह आयोजन न केवल भक्ति का उत्सव होगा, बल्कि श्याम प्रेमियों के लिए एक आध्यात्मिक मिलन का अवसर भी बनेगा।

Subscribe to my channel


