उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
भानपुर तहसील दिवस में 50 शिकायतें प्राप्त, 4 का मौके पर निस्तारण
जिलाधिकारी ने दिए समयबद्ध व पारदर्शी समाधान के निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती | 07 फरवरी 2026 | सू.वि.
भानपुर तहसील सभागार में जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से तहसील दिवस का आयोजन जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में किया गया। तहसील दिवस में दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को जिलाधिकारी ने गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
तहसील दिवस में कुल 50 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह ने भी फरियादियों की समस्याएं सुनीं और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि थानों से संबंधित मामलों का निस्तारण तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए।
अधिकारीगण रहे उपस्थित
तहसील दिवस में उप जिलाधिकारी हिमांशु कुमार, डीडीओ अजय कुमार सिंह, पीडी राजेश कुमार, डीपीआरओ धनश्याम सागर, एसीएमओ डॉ. अजय कुमार चौधरी, बीएसए अनूप तिवारी, डीएसओ विमल कुमार शुक्ला, सीवीओ डॉ. ए.के. गुप्ता, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, डीपीओ राजेश कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
तहसील व नगर पंचायत का औचक निरीक्षण
तहसील दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने तहसील व नगर पंचायत भानपुर का औचक निरीक्षण किया। तहसील निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील न्यायालय में लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
नगर पंचायत भानपुर पहुंचकर जिलाधिकारी ने आवश्यक रजिस्टरों का अवलोकन किया, सीसीटीवी कक्ष का निरीक्षण किया तथा जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी हिमांशु कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत ऋचा सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


