बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

खेजड़ी बचाओ महाआंदोलन: सांसद की चुप्पी पर उठे सवाल, जनता कर रही आत्ममंथन

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

 

बीकानेर।

बीकानेर की धरती कोई नया आंदोलन नहीं देख रही है। बीते एक दशक में यहां किसान आंदोलन, जीव बचाओ आंदोलन और अब खेजड़ी बचाओ महाआंदोलन जैसे सैकड़ों जनांदोलन हुए हैं। लेकिन इन सभी आंदोलनों के दौरान एक सवाल लगातार उठता रहा है—क्या क्षेत्र के सांसद जनता के संघर्षों के साथ खड़े नजर आए?

स्थानीय लोगों और आंदोलनकारियों का कहना है कि वर्तमान सांसद के कार्यकाल में हुए किसी भी बड़े आंदोलन में उनकी प्रत्यक्ष भागीदारी नजर नहीं आई। अब खेजड़ी बचाओ आंदोलन के तहत मुकाम गांव सहित अन्य क्षेत्रों में महापड़ाव चल रहा है, जहां सैकड़ों पर्यावरण प्रेमी और ग्रामीण बीते डेढ़ साल से छोटे स्तर पर और बीते एक दिन से बड़े स्तर पर आंदोलनरत हैं।

363 लोग भूखे-प्यासे धरने पर, सांसद की चुप्पी पर आक्रोश

आंदोलनकारियों के अनुसार, बुधवार सुबह से 363 लोग भूखे-प्यासे धरने पर बैठे हैं, लेकिन क्षेत्रीय सांसद की ओर से अब तक न तो कोई बयान आया है और न ही धरना स्थल पर पहुंचने की पहल हुई है। इससे आंदोलनकारियों में भारी नाराजगी है।

गोद लिए गांव का मुद्दा भी उठा

बताया जा रहा है कि सांसद द्वारा मुकाम गांव को गोद लिया गया था और बिश्नोई समाज से यह आश्वासन दिया गया था कि जरूरत पड़ने पर वे हर समय उपलब्ध रहेंगे। बावजूद इसके, लंबे समय से चल रहे इस आंदोलन पर उनकी चुप्पी को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

जनता खुद को ठहरा रही जिम्मेदार

आंदोलन से जुड़े कई लोगों का मानना है कि बार-बार ऐसे प्रतिनिधियों को चुनने के लिए जनता भी जिम्मेदार है। लोगों का कहना है कि “मोदी जी के नाम पर चुनाव जीतने का भ्रम” जनता ने ही बनाया, और अब उसी का परिणाम भुगतना पड़ रहा है।

आंदोलन जीत का विश्वास, पर नेताओं की छवि पर दाग

आंदोलनकारियों का कहना है कि संघर्ष आज नहीं तो कल जरूर सफल होगा, लेकिन जनता के बीच ऐसे नेताओं की छवि एक ऐसे काले धब्बे के रूप में रह जाएगी, जिसे मिटाना आसान नहीं होगा।

खेजड़ी और ओरण भूमि को बचाने के लिए जारी यह महाआंदोलन अब केवल पर्यावरण संरक्षण का नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही का भी सवाल बनता जा रहा है।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button