देशबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बीकानेर में पुष्करणा सावा की वैदिक परंपरा को मिलेगा नया आयाम

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर।
पुष्करणा समाज की हजार वर्ष पुरानी गौरवशाली परंपरा पुष्करणा सावा हमारी सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उदाहरण है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए गौ धन मित्र संस्था द्वारा वैदिक परंपरा के अंतर्गत एक सराहनीय पहल की जा रही है।
गौ धन मित्र की ओर से कन्याओं के विवाह हेतु गौ माता के गोबर से निर्मित वैवाहिक सप्तपदी सहित विभिन्न गौमय उत्पाद निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे। इनमें विवाह के हवन हेतु गौमय समिधा, गोबर की ईंटें, पंचमुखी दीपक, दीप-धूप, गोबर गणेश सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है। इच्छुक परिवार यह सामग्री गौ धन मित्र कार्यालय, बेनीसर बारी, बीकानेर से प्राप्त कर सकते हैं।
सावे के दिन झालापटा मंडल एवं गौ धन मित्र के संयुक्त तत्वावधान में यह धार्मिक कार्य बारह गुवाड़ स्थित प्रहलाद महाराज की कोटड़ी से संपन्न कराया जाएगा। इस अवसर पर पंडित देवी प्रसाद ओझा, पंडित बसंत ओझा एवं पंडित महेंद्र जोशी द्वारा वैदिक विधि से अनुष्ठान कराया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए याज्ञिक सम्राट पंडित देवी प्रसाद ओझा (दाऊ) ने बताया कि गौ धन मित्र संस्था पूर्व सावे में भी इस प्रकार का सेवा कार्य सफलतापूर्वक कर चुकी है और समाज के लोगों ने इसकी सराहना की थी।
उल्लेखनीय है कि बीकानेर की एक हजार वर्ष पुरानी पुष्करणा सावा परंपरा आज भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाई जा रही है, जिसने पूरे भारतवर्ष को सामूहिक विवाह की प्रेरणा दी है। आगामी ओलंपिक पुष्करणा सावा 10 फरवरी 2026 को आयोजित होगा।
इस दिन पूरा बीकानेर शहर एक विशाल मंडप के रूप में सजेगा, हर घर रोशन होगा और ऐसा प्रतीत होगा मानो पूरे शहर में हर घर में विवाह का उत्सव हो। समाज के लोगों से आह्वान किया गया है कि वे अपनी सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाते हुए इस ऐतिहासिक सावे को भव्यता, धूमधाम और आनंद के साथ मनाएं।
जय पुष्करणा। जय समाज।

Subscribe to my channel


