खेलजम्मू कश्मीरपुंछब्रेकिंग न्यूज़
मेंढर में आधुनिक खेल स्टेडियम की मांग तेज, युवाओं ने केंद्र सरकार से लगाई गुहार

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ
मेंढर (पुंछ), जम्मू-कश्मीर।
पुंछ जिले के मेंढर क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए एक आधुनिक खेल स्टेडियम की मांग तेज हो गई है। क्षेत्र के युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने केंद्र सरकार से मेंढर में बहुउद्देश्यीय (मल्टी-पर्पस) स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थापित करने की मांग की है।
इस मांग को प्रमुखता से उठाते हुए सामाजिक कार्यकर्ता जाहिर मन्हास और जाकिर मीर ने कहा कि मेंढर क्षेत्र में बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी मौजूद हैं, जो फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स जैसे खेलों में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। लेकिन खेल सुविधाओं के अभाव में उनकी प्रतिभा प्रभावित हो रही है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में मेंढर में कोई भी मानक खेल स्टेडियम उपलब्ध नहीं है। खिलाड़ी खुले और असुरक्षित मैदानों में अभ्यास करने को मजबूर हैं, जिससे न केवल उनकी तैयारी प्रभावित होती है बल्कि चोट लगने का खतरा भी बना रहता है।
जाहिर मन्हास और जाकिर मीर ने केंद्र सरकार के युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय से मांग की है कि मेंढर में एक आधुनिक बहुउद्देश्यीय खेल स्टेडियम को मंजूरी दी जाए। इस स्टेडियम में उचित खेल मैदान, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, फ्लडलाइट, खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने यह भी मांग की कि इस परियोजना को केंद्र सरकार की योजनाओं जैसे खेलो इंडिया, युवा खेल विकास योजना या अन्य केंद्रीय खेल अवसंरचना योजनाओं के तहत स्वीकृत किया जाए, ताकि सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मेंढर में आधुनिक खेल स्टेडियम का निर्माण होता है तो इससे न केवल युवाओं को खेलों की ओर प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि क्षेत्र में सकारात्मक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

Subscribe to my channel


