बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराजस्थान
जिला परिषद व पंचायत समितियों के वार्डों के परिसीमन में अनियमितताओं के खिलाफ कांग्रेस ने प्रदर्शन किया

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 27 जनवरी 2026:
जिला परिषद और पंचायत समितियों के हाल ही में हुए वार्ड परिसीमन/पुनर्गठन में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी देहात के जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग के नेतृत्व में जिलेभर के पंचायतीराज जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन की शुरुआत बिश्नोई धर्मशाल से हुई, जिसमें कांग्रेसजन नारे लगाते हुए जिला कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। कलेक्ट्रेट परिसर में भी जमकर नारेबाजी हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में मुख्य रूप से यह आरोप लगाए गए कि:
वार्ड परिसीमन में पंचायतीराज अधिनियम 1994 की प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया।
वार्डवासियों से कोई विचार-विमर्श नहीं किया गया और उनके सुझावों को अनदेखा किया गया।
जनसंख्या के अनुपात का सही ढंग से ध्यान नहीं रखा गया, जिससे कई वार्डों में मतदाताओं की संख्या असंतुलित है।
कई ग्राम पंचायतों को दूर-दराज के क्षेत्रों में जोड़कर उनका भौगोलिक स्वरूप खंडित किया गया, जिससे प्रशासनिक और विकास संबंधी समस्याएँ उत्पन्न होंगी।
जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने चेतावनी दी कि यदि वार्ड परिसीमन की प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच और सुधार नहीं किया गया, तो आगामी पंचायतीराज चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। उन्होंने प्रशासन और सरकार से पारदर्शी पुनर्गठन, ग्राम सभाओं में स्थानीय राय का समावेश और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में जिलेभर से सैंकड़ों कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। जिला महासचिव (संगठन) प्रहलादसिंह मार्शल ने बताया कि इस अवसर पर कई वरिष्ठ पदाधिकारी और स्थानीय नेता भी उपस्थित रहे और उन्होंने सम्बोधन किया।
जिलेभर के ग्रामीण क्षेत्रों से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।

Subscribe to my channel
