उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान पर जोर, विभिन्न समितियों की संयुक्त समीक्षा बैठक सम्पन्न

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती (वेदांत टाइम्स/बस्ती टाइम्स 24 न्यूज) सू0वि0।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रशासनिक पारदर्शिता तथा जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान की अध्यक्षता में विभिन्न महत्वपूर्ण समितियों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद स्तरीय समस्त संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सर्वप्रथम आईजीआरएस एवं रिट से संबंधित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक ढंग से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा औपचारिकता स्वीकार्य नहीं होगी तथा प्रत्येक प्रकरण का समाधान मौके पर जाकर सुनिश्चित किया जाए।
इसके उपरांत जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं वन भूमि को अमलदरामद किए जाने से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने के कार्यों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही वन भूमि से जुड़े प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
कर-करेत्तर एवं सीएम डैशबोर्ड (राजस्व) की समीक्षा के दौरान अपर जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति न होने पर संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी तथा लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सड़क सुरक्षा एवं लोक निर्माण विभाग से संबंधित समीक्षा में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ब्लैक स्पॉट चिन्हांकन, संकेतक बोर्ड, स्ट्रीट लाइटिंग तथा सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा विद्यालयों में प्रयुक्त वाहनों के मानक के अनुरूप होने की भी सख्ती से जांच सुनिश्चित की जाए। शासन द्वारा जारी सभी गाइडलाइनों का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए गए।
जिला श्रमबंधु समिति की बैठक में श्रमिकों के पंजीकरण, श्रम कानूनों के अनुपालन, कार्यस्थलों पर मूलभूत सुविधाओं एवं श्रमिक कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। वहीं बाल श्रम उन्मूलन हेतु जनपद स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक में बाल श्रम पर पूर्ण प्रतिबंध, सघन निरीक्षण अभियान चलाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एन-कोर्ड की बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध भंडारण एवं बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय सुदृढ़ करने पर बल दिया गया। साथ ही युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने हेतु व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा से संबंधित बैठक में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, नियमित निरीक्षण, नमूना संग्रह, प्रयोगशाला जांच तथा मिलावट के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से शासन की मंशा के अनुरूप आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में वनाधिकारी डा0 शिरीन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार सिंह, पीडी राजेश कुमार, एसडीएम शत्रुघ्न पाठक, डीएसओ विमल कुमार शुक्ला, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, डीपीआरओ घनश्याम सागर, एलडीएम आर0एन0 मौर्या, एआरटीओ माला वाजपेयी, उपायुक्त उद्योग हरेन्द्र प्रताप, उपायुक्त (प्रशासन) राज्यकर उपेन्द्र यादव, ईडीएम सौरभ द्विवेदी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


