रिपोर्ट: डॉक्टर संजय कुमार पांडेय,स्टेट हेड, उत्तर प्रदेश
मोबाइल नंबर: 7376326175
लखीमपुर खीरी।
जिले में संचालित फर्जी अस्पतालों और अवैध चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। क्षेत्रीय यूनानी एवं आयुर्वेद अधिकारी लखीमपुर खीरी की टीम ने शहर के विभिन्न अस्पतालों और हेल्थ केयर सेंटरों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान न्यू अपोलो हॉस्पिटल, निघासन रोड की जांच की गई। अस्पताल में आयुर्वेद-यूनानी का रजिस्ट्रेशन पाया गया, लेकिन मेडिकल स्टोर में उपलब्ध दवाओं को लेकर कई खामियां सामने आईं। टीम ने संबंधित संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी।
वहीं, निघासन रोड स्थित देवम हेल्थ केयर की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि यह संस्थान कहीं भी पंजीकृत नहीं है, न ही मौके पर कोई डॉक्टर मौजूद था। इसके बावजूद वहां मरीज भर्ती पाए गए, जो स्वास्थ्य नियमों का खुला उल्लंघन है।
आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी ने बताया कि जिले में कुछ लोग आयुर्वेद के नाम पर फर्जी अस्पताल चला रहे हैं। ऐसे सभी अवैध संस्थानों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई से फर्जी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया है, जबकि आम जनता ने इस कदम का स्वागत किया है।