उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
रूधौली में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस, 51 शिकायतें प्राप्त, 8 का मौके पर निस्तारण

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 20 दिसम्बर 2025 (सू.वि.)।
जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील रूधौली में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सम्पन्न हुआ। इस दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों से संबंधित जनशिकायतों को क्रमवार सुनते हुए मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए स्थलीय निरीक्षण के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने भी जनशिकायतों की सुनवाई करते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थानों से संबंधित मामलों का तत्परता एवं निष्पक्षता से निस्तारण कराया जाए।
उप जिलाधिकारी मनोज प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि इस समाधान दिवस में कुल 51 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 08 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में
राजस्व विभाग – 33
पुलिस – 05
विकास – 03
विद्युत – 04
पूर्ति विभाग – 02
उप निबंधक, नहर, वन एवं नगर पंचायत – 1-1 प्रकरण शामिल रहे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में सीएमओ डॉ. राजीव निगम, डीडीओ अजय कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी विमल कुमार शुक्ला, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, डीएचओ अरुण कुमार त्रिपाठी, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, तहसीलदार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के पश्चात जिलाधिकारी ने आदर्श नगर पंचायत रूधौली में स्थापित अस्थायी रैन बसेरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निराश्रित एवं जरूरतमंद लोगों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने रैन बसेरा में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, कंबल एवं बिस्तर की व्यवस्था संतोषजनक पाई, साथ ही समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ईओ नगर पंचायत को निर्देशित किया कि रैन बसेरा में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


