अपराधखैरथल- तिजाराजयपुरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
संदिग्ध मौत का मामला: न्याय के लिए IG कार्यालय पहुंची मृतक की मां और बहन
जैतपुर मांडण थाने के डेढ़ माह से चक्कर लगा रही माँ व बहन

जयबीर सिंह ब्यूरो रिपोर्ट जयपुर/जैतपुर।
जयपुर/जैतपुर। जैतपुर निवासी कुलदीप की मौत को लेकर परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। मृतक की बहन बबली एवं माता सीता का कहना है कि कुलदीप की 2 नवम्बर 2025 को हुई मौत को पुलिस सड़क दुर्घटना बता रही है, जबकि परिजन इसे साजिश के तहत की गई हत्या बता रहे हैं।
परिजनों के अनुसार कुलदीप को उसकी मौत से लगभग एक माह पूर्व जान से मारने की धमकी दी गई थी, जिसकी जानकारी उन्होंने संबंधित थाना पुलिस को भी दी थी। इसके बावजूद पुलिस द्वारा इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
मृतक की मां व बहन ने बताया कि वे पिछले 1माह 30 दिन से मांडण थाना के चक्कर काट रही हैं, लेकिन थाना प्रभारी किरण सिंह यादव की ओर से हर बार केवल यह कहा जाता है कि “जांच चल रही है।” परिजनों का आरोप है कि अब तक न तो किसी आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और न ही उस वाहन को जब्त किया गया है, जिससे कथित रूप से एक्सीडेंट हुआ था। इसके अलावा जिन संदिग्ध व्यक्तियों के नाम उन्होंने लिखित रूप में दिए थे, उन पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
परिजनों का यह भी आरोप है कि जब वे थाना जाते हैं तो उन्हें संतोषजनक जवाब देने के बजाय डराया-धमकाया जाता है और उनकी फाइल वापस ले जाने की बात कही जाती है।
पुलिस से न्याय न मिलने पर मृतक की मां व बहन ने बुधवार को आईजी कार्यालय, जयपुर पहुंचकर उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने गुहार लगाई है कि उनके बेटे और भाई को न्याय दिलाया जाए।

Subscribe to my channel


