उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में पेंशनर्स दिवस का आयोजन, 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों का हुआ सम्मान

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती | 17 दिसंबर 2025 (सू.वि.)
कलेक्टरेट सभागार में मंगलवार को पेंशनर्स दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी श्री सार्थक अग्रवाल ने की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त पेंशनरों ने सहभागिता कर अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए।
मुख्य विकास अधिकारी ने पेंशनरों को संबोधित करते हुए कहा कि पेंशनर्स संगठनों द्वारा सौंपे गए ज्ञापनों को उचित माध्यम से शासन को प्रेषित किया जाएगा। साथ ही जिला स्तर की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि सभी प्रकरणों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
पेंशन भुगतान व चिकित्सा प्रतिपूर्ति के मुद्दे उठे
बैठक के दौरान पेंशनरों ने पेंशन भुगतान में देरी, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, जीवित प्रमाण पत्र सहित अन्य समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सभी प्रकरणों को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक मामले का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
सीडीओ ने यह भी स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी पेंशनर को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और लंबित मामलों का शीघ्र समाधान कराया जाए।
चिकित्सा शिविर का भी हुआ आयोजन
पेंशनर्स दिवस के अवसर पर चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें पेंशनरों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।
80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान 80 वर्ष से अधिक आयु पूर्ण कर चुके पेंशनरों को सम्मानित किया गया। सम्मानित किए गए पेंशनरों में —
श्रीमती प्रभावती देवी, श्रीमती रूद्रमती, कुरवान अली, सत्यभामा, चन्द्रिका प्रसाद मिश्र, शिवपूजन तिवारी, बृजनारायण लाल श्रीवास्तव, काशी प्रसाद पाण्डेय एवं राधेश्याम तिवारी शामिल रहे।
अधिकारियों ने किया संवाद
मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति ने पेंशनरों से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले पेंशनर संगठनों व विभिन्न विभागों के पेंशनरों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
बैठक में सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति, डीपीआरओ धनश्याम सागर, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार गुप्ता, एसीएमओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


