कलेक्टरेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में जिला उद्योग बन्धु एवं व्यापार बन्धु समिति की संयुक्त बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र उद्यमियों की ऋण संबंधी पत्रावलियों में अनावश्यक देरी न की जाए।
उन्होंने निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि आवेदनों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण किया जाए।
बैठक के दौरान व्यापार बन्धु समिति के सदस्यों ने अस्पताल चौराहे पर जाम की समस्या, बड़ेवन सर्विस रोड पर नाली निर्माण, महराजगंज सर्विस रोड पर नाले की समस्या, बभनान बाजार में जर्जर सड़क, पाइपलाइन एवं विद्युत पोल से जुड़ी समस्याओं सहित अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
बैठक का संचालन उपायुक्त (प्रशासन) राज्य कर उपेन्द्र यादव ने किया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, डीएफओ डॉ. शिरीन सिद्दीकी, पीडी राजेश कुमार, उपायुक्त उद्योग हरेंद्र प्रताप, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता, चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अशोक सिंह, इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल सिंह रैकवार, चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के महासचिव एस.सी. शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी एवं समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।