बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
रोटरी क्लब बालोतरा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन
न्याय रो सारथी अभियान, जन-जन तक सुलभ न्याय पहुंचाने की दिशा में अहम पहल

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोतरा के तत्वावधान में शुक्रवार को रोटरी क्लब बालोतरा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर का उद्देश्य राज्य स्तर पर शुरू किए गए 90 दिवसीय विशेष अभियान न्याय रो सारथी न्याय आपके द्वार लोक उपयोगिता समस्याओं का सुलभ और त्वरित समाधान के बारे में आमजन को जागरूक करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने उपस्थित गणमान्य नागरिकों और रोटरी क्लब के सदस्यों को संबोधित किया। साथ ही न्याय प्रणाली को आम आदमी के दरवाजे तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्राधिकरण सचिव अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सिद्धार्थ दीप ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह 90 दिवसीय अभियान विशेष रूप से उन समस्याओं के समाधान के लिए चलाया जा रहा है, जो सीधे तौर पर आम आदमी के दैनिक जीवन से जुड़ी हैं। न्याय रो सारथी का मूल मंत्र है कि जनता को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए अदालतों के चक्कर न काटने पड़ें, बल्कि न्याय स्वयं उनके द्वार तक पहुंचे।
शिविर के दौरान सचिव ने स्थाई लोक अदालत और लोक उपयोगी सेवाओं के बारे में महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि स्थाई लोक अदालत का गठन विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के तहत विशेष रूप से बिजली, पानी, सफाई, परिवहन, डाक सेवा, टेलीफोन, बीमा और बैंकिंग जैसी अनिवार्य सेवाओं से जुड़े विवादों को सुलझाने के लिए किया गया है। सामान्य लोक अदालतों के विपरीत, स्थाई लोक अदालत के पास न केवल समझौता कराने का अधिकार है, बल्कि यदि पक्षों के बीच समझौता नहीं हो पाता है, तो यह गुण-दोष के आधार पर मामले का त्वरित निर्णय भी कर सकती है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यहाँ कोई कोर्ट फीस देय नहीं हैं, और स्थाई लोक अदालत द्वारा दिया गया फैसला अंतिम और सभी पक्षों पर बाध्यकारी होता है, जिसके विरुद्ध किसी अन्य न्यायालय में अपील नहीं की जा सकती। यह व्यवस्था आम जनता को खर्चीली और लंबी कानूनी प्रक्रियाओं से बचाने का सबसे सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के
सचिव ने उपस्थित सभी लोगों से अपील की कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और अपने आस-पास के लोगों को स्थाई लोक अदालत की शक्तियों के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित कोई शिकायत है, तो वे निसंकोच जिला विधिक सेवा प्राधिकरण या स्थाई लोक अदालत में आवेदन पेश कर सकते हैं।
इस अवसर पर रोटरी क्लब के पूर्व सह प्रांतपाल सीए ओम प्रकाश बांठिया ने रोटरी क्लब की ओर से किये जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों पर प्रकाश डाला। इस दौरान रोटरी क्लब बालोतरा के अध्यक्ष सीए पवन गर्ग, सचिव हितेन्द्र छाजेड और रोटरी क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


