जम्मू कश्मीरदेशपुंछब्रेकिंग न्यूज़
जिला पुलिस पुंछ में संविधान दिवस सम्मानपूर्वक मनाया गया

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ
पुंछ, 26 नवम्बर 2025:
जिला पुलिस पुंछ द्वारा आज जिला पुलिस कार्यालय (DPO) पुंछ में संविधान दिवस बड़े ही सम्मान और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। यह कार्यक्रम 26 नवम्बर 1949 को भारत के संविधान के अंगीकरण की ऐतिहासिक तिथि को स्मरण करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एसएसपी पुंछ श्री शफकत हुसैन (JKPS) ने की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। प्रस्तावना के पाठ के माध्यम से जिला पुलिस पुंछ ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल संवैधानिक मूल्यों को दृढ़ता से निभाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
एसएसपी शफकत हुसैन ने अपने संबोधन में संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 26 नवम्बर देश की लोकतांत्रिक यात्रा का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि संविधान केवल देश की शासन व्यवस्था की नींव ही नहीं, बल्कि हर नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों का मजबूत आधार भी है।
उन्होंने आगे कहा कि पुलिस बल के लिए संवैधानिक मूल्यों का पालन प्रत्येक कार्य, निर्णय और जनता के साथ व्यवहार में अनिवार्य है। हर पुलिस कर्मी का दायित्व है कि वह जनहित, कानून के राज और नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा के साथ अपनी ड्यूटी को ईमानदारी, पेशेवराना अंदाज़ और पारदर्शिता से निभाए।
कार्यक्रम का समापन सभी अधिकारियों और कर्मियों द्वारा संवैधानिक सिद्धांतों को राष्ट्र और जिले की जनता की सेवा में बनाए रखने की पुनः शपथ के साथ हुआ।

Subscribe to my channel


