बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
प्रकाश चंद संचेती से शालीभद्र मुनि तक त्याग संयम और साधना की अनोखी जीवन यात्रा:- बांठिया
मुनि श्री के जीवन और साधना को किया नमन

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं श्री चम्पालाल बांठिया चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष गणपत बांठिया के नेतृत्व में ट्रस्ट सदस्यों ने जैन स्थानकवासी संप्रदाय के महान तपस्वी पूज्य श्री शालीभद्र मुनि महाराज के संलेखना–संथारा सहित समाधि-मरण पर गहन श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने मुनि श्री की तपस्या, त्याग और आध्यात्मिक जीवन को नमन करते हुए उनके चरणों में कृतज्ञता व्यक्त की।
गणपत बांठिया ने श्रद्धांजलि संदेश में कहा कि पूज्य श्री शालीभद्र मुनि महाराज का जीवन समर्पण, संयम और कठोर साधना का अद्वितीय उदाहरण रहा है। उन्होंने बताया कि राजस्थान के जयपुर के प्रसिद्ध जौहरी प्रकाश चंद संचेती ने मात्र 47 वर्ष की आयु में अपनी धर्म पत्नी के साथ भौतिक सुख-संपदा, करोड़ों की संपत्ति और वैभवपूर्ण जीवन त्यागकर 8 सितंबर 1994 को सादगीपूर्ण जैन दीक्षा अंगीकार की। दीक्षा के बाद प्रकाशचंद संचेती का नामकरण श्री शालीभद्र मुनि के रूप में किया गया। दंपत्ति का यह वैराग्य और आध्यात्मिक पथ पर अग्रसर होने का निर्णय समाज और साधु परंपरा में एक प्रेरणादायक उदाहरण माना जाता है।
बांठिया ने आगे बताया कि मुनि श्री ने 17 दिन पूर्व आंखों पर पट्टी बांधकर गहन साधना प्रारंभ की थी। पांच की तपस्या के दौरान पूज्य ज्ञान गच्छाधिपति श्रुतधर श्री प्रकाशचंद्र महाराज साहब के पावन मुखारविंद से संलेखना सहित संथारा साधना को आगे बढ़ाया गया। मुनि श्री ने कुल 16 दिवस तक कठोर तप, मौन साधना और प्रभु आराधना करते हुए सांसारिक देह का परित्याग कर समाधि मरण वरण किया। यह संथारा साधना जैन परंपरा में अत्यंत उच्च आध्यात्मिक स्थिति और पूर्ण वैराग्य का प्रतीक मानी जाती है।ट्रस्ट सदस्यों ने कहा कि मुनि श्री का योगदान धर्म, समाज और मानवता के लिए सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उनके द्वारा अपनाया गया त्याग, तपस्या एवं संयम का मार्ग अगली पीढ़ियों को आध्यात्मिक जीवन के प्रति जागरूक करता रहेगा।
पूज्य श्री शालीभद्र मुनि महाराज के चरणों में भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी उपस्थित जनों ने उनके आदर्शों और तप मार्ग को स्मरण करने का संकल्प लिया।
ट्रस्ट के बाबूलाल भन्साली, अशोक चौपड़ा, सजय सालेचा,विपुल चौपड़ा,नेमीचंद बारूपाल, ऋषभ तातेड़,
धनराज मेघवाल,अरिहंत कुमार,भाजयुमो जिलाध्यक्ष महिपाल सिंह करनोत,शांतिलाल लुंकड़,अशोक चौपड़ा, सजय टेंट,दिनेश गोलेच्छा, भैरुलाल सालेचा सहित अनेको सदस्य मौजूद थे।

Subscribe to my channel


