उत्तर प्रदेशदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़मनोरंजनशिक्षा
राजकीय संप्रेक्षण गृह में ‘तरंग’ कार्यक्रम सम्पन्न, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 12 किशोर हुए सम्मानित

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 21 नवम्बर (सू0वि0): विश्व बाल दिवस के अवसर पर 10 से 20 नवम्बर 2025 तक चलने वाले विशेष बाल दिवस कार्यक्रम “तरंग” का समापन राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) बस्ती में मनमोहक व प्रेरणादायी पपेट शो – “उजाले की ओर” के मंचन के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य मनोरंजन के माध्यम से किशोरों में सीख, सकारात्मकता एवं आत्मविश्वास बढ़ाना रहा।
दस दिवसीय आयोजन के दौरान चित्रकला, समूह गान, पुस्तकालय व्यवस्था, कविता पाठ सहित आठ विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 12 निरूद्ध किशोरों को प्रशस्ति पत्र व पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों ने किशोरों के मनोबल को बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए जनपद न्यायाधीश शमसुल हक, अपर जिला जज अनिल कुमार (XIV) व न्यायिक मजिस्ट्रेट आशीष राय ने कहा कि संप्रेक्षण गृह से निकलने के बाद बच्चों को जिम्मेदार व आदर्श नागरिक बनना चाहिए तथा शिक्षा, अनुशासन और सकारात्मक सोच जीवन में सफलता की कुंजी है।
इस दौरान एसडीएम बस्ती सदर शत्रुघ्न पाठक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
पपेट शो के शानदार प्रस्तुतीकरण के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक आलोक शुक्ल, शीला मौर्या, संध्या त्रिपाठी, राम लखन मौर्य एवं माधुरी त्रिपाठी को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संप्रेक्षण गृह प्रशासन एवं सहयोगी संस्थाओं द्वारा संयुक्त प्रयास किए गए।

Subscribe to my channel


