बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
खारिया आनावास में श्रद्धांजलि सभा के साथ ली गई ‘नशा नहीं करने’ की शपथ

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
खारिया आनावास, 13 नवम्बर 2025 – ग्राम पंचायत खारिया आनावास की निवर्तमान सरपंच एवं प्रशासक श्रीमती घीसी देवी नायक के निधन के पश्चात आज उनकी स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। उनका पांच वर्षीय कार्यकाल (10 अक्टूबर 2020 से 10 अक्टूबर 2025) विकास से परिपूर्ण एवं सफल रहा।
गंगा प्रसादी के अवसर पर आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में ग्रामीणों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके उत्कृष्ट कार्यों को याद किया। उनके नेतृत्व में ग्राम पंचायत में लगभग पांच करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य संपन्न हुए।
इनमें प्रमुख रूप से—
नवसृजित ग्राम पंचायत हेतु भूमि आरक्षित कर पंचायत भवन का निर्माण और 23 मई 2023 को उसका लोकार्पण,
चिरडानी मुख्य मार्ग से खारिया आनावास तक डामर सड़क का निर्माण,
राजकीय माध्यमिक विद्यालय का उच्च माध्यमिक विद्यालय में उन्नयन,
पानी की टंकी, सीसी ब्लॉक लेन एवं सीवरेज लाइन का निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
सभा में सरपंच प्रतिनिधि श्री सोहनलाल वागेला की सराहना की गई, जिन्होंने इन विकास कार्यों को सफलतापूर्वक पूर्ण कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने ‘नशा नहीं करने’ का संकल्प भी लिया। “बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, शराब आदि नशा – ना सा ना!” तथा “चाय, कॉफी, ठंडा – बस सा बस!” जैसे नारे वाले बैनर लगाए गए।
सभा को भंवरलाल सारण (पूर्व शिक्षक, बिरावास), भंवर सिंह चौहान (पूर्व एयरफोर्स सैनिक), छेलूराम नायक (पूर्व सेल टैक्स अधिकारी), तेजाराम सेंगवा, जैसाराम परासरिया (पूर्व शिक्षक), और सिग्मा कंपनी के प्रतिनिधियों सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने संबोधित किया। सभी ने नशामुक्त समाज और शिक्षा से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में 2 मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई और श्रद्धास्वरूप स्मृति पत्र भेंट किए गए।
संचालन अणुव्रत मंत्री सफरू खान ने किया, जबकि दुर्गाराम गारु ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
स्मृति पत्र लादूरामजी, शंकरलालजी, नारायणरामजी, रामलालजी, मोहनलालजी, छेलूरामजी, चन्द्ररामजी, रतनजी वागेला, गोबररामजी एवं भंवरलालजी सारण (बिरावास) को सप्रेम भेंट किए गए।
📌 कार्यक्रम ने न केवल स्वर्गीय घीसी देवी नायक के योगदान को याद किया, बल्कि ग्रामवासियों में नशामुक्ति और शिक्षा के प्रति जागरूकता का नया संदेश भी दिया।

Subscribe to my channel


