उत्तर प्रदेशदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य
विश्व निमोनिया दिवस पर रेडक्रॉस सोसाइटी ने चलाया जागरूकता अभियान

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 12 नवम्बर।
विश्व निमोनिया दिवस के अवसर पर आज इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, बस्ती शाखा द्वारा जिला महिला अस्पताल में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर पंपलेट वितरण एवं जनजागरूकता उद्बोधन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें आमजन को निमोनिया के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
संस्था के सचिव रंजीत श्रीवास्तव ने बताया कि निमोनिया एक गंभीर संक्रामक रोग है जो फेफड़ों को प्रभावित करता है और समय पर इलाज न होने पर जानलेवा साबित हो सकता है। यह खासतौर पर पांच साल से कम उम्र के बच्चों और बुजुर्गों में अधिक खतरनाक होता है। उन्होंने कहा कि यह रोग पूरी तरह से रोकथाम और उपचार योग्य है।
संस्था के सभापति डॉ. प्रमोद चौधरी ने जानकारी दी कि वर्ष 2009 में बाल निमोनिया के खिलाफ ग्लोबल कोएलिशन द्वारा इस दिवस की शुरुआत की गई थी, जिसमें यूनिसेफ, डब्ल्यूएचओ और सेव द चिल्ड्रन जैसे अंतरराष्ट्रीय संगठन जुड़े थे। इसका उद्देश्य विश्वभर में निमोनिया की रोकथाम को प्राथमिकता देना और लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।
उपसभापति एल.के. पाण्डेय ने कहा कि निमोनिया आज भी एक वैश्विक स्वास्थ्य समस्या है, खासकर विकासशील देशों में यह बच्चों के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। जागरूकता और समय पर इलाज से इस बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है।
कोषाध्यक्ष राजेश कुमार ओझा ने बताया कि टीकाकरण, पोषक आहार और स्वच्छ वातावरण से निमोनिया से बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष 12 नवम्बर को विश्व निमोनिया दिवस मनाया जाता है ताकि इस बीमारी के प्रति समाज में चेतना लाई जा सके।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. आशुतोष शर्मा, डॉ. पंकज शुक्ला, डॉ. बबीता रानी, डॉ. पी.एल. गुप्ता, सिस्टर बबीता, अनीश, शैलेंद्र, तथा एस.आर. हॉस्पिटल एंड मेडिकल इंस्टीट्यूट की नर्सिंग ट्यूटर श्रीमती अर्चना, अर्चना प्रजापति एवं नर्सिंग छात्र-छात्राओं का विशेष योगदान रहा।

Subscribe to my channel


