उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 13 दिसम्बर को, आमजन करें सुलह-समझौते से अपने विवादों का निस्तारण – अनिल कुमार, अपर जिला जज

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 12 नवम्बर 2025 (सू.वि.)
जनपद बस्ती में आगामी 13 दिसम्बर 2025 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जनपद न्यायाधीश के निर्देशन में जनपद न्यायालय परिसर, कलेक्ट्रेट मुख्यालय तथा सभी तहसील मुख्यालयों में एक साथ किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर जिला जज/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिल कुमार (XIV) ने बताया कि आमजन इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने लम्बित वादों को सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारित करवाएं।
उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मामलों का निपटारा किया जाएगा, जिनमें –
आपराधिक शमनीय वाद,
परकाम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 से संबंधित चेक बाउंस के मामले,
बैंक वसूली से जुड़े विवाद,
मोटर दुर्घटना प्रतिकर याचिकाएं,
श्रम व पारिवारिक वाद,
भूमि अधिग्रहण से संबंधित मामले,
विद्युत एवं जलकर विवाद (चोरी से संबंधित मामलों सहित),
सेवा में वेतन और सेवानिवृत्ति लाभ से जुड़े विवाद,
राजस्व संबंधी व अन्य सिविल वाद (किराया, सुखाधिकार, व्ययादेश, विशिष्ट अनुतोष वाद, आर्बिट्रेशन एवं हायर पर्चेज एग्रीमेंट से जुड़े विवाद) शामिल रहेंगे।
उन्होंने बताया कि ऐसे सभी मामलों को सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को शीघ्र न्याय मिल सके।
इसके साथ ही उन्होंने आमजन से यह भी अपील की कि वे ‘न्याय मार्ग’ मोबाइल ऐप का उपयोग करें, जो एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित चैटबॉट ऐप है। यह ऐप निःशुल्क विधिक सहायता, सरकारी योजनाओं की जानकारी, विधिक अधिकारों, मध्यस्थता प्रक्रिया तथा विभिन्न कानूनी समस्याओं के समाधान से जुड़ी सरल और सही जानकारी प्रदान करता है।
Subscribe to my channel


