जम्मू कश्मीरदेशब्रेकिंग न्यूज़
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बादल फटने से रामबन जिले में भारी तबाही – 283 मकान क्षतिग्रस्त, 950 लोग सुरक्षित निकाले गए

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ
रामबन, 5 सितम्बर।
जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में लगातार बारिश, बादल फटने और भूस्खलन से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जिले में कुल 283 मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि 950 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
जिले में 84 सड़कें, 98 पेयजल योजनाएं और 71 पावर फीडर भी बारिश और भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुए हैं। रामबन के उपायुक्त एलियास खान ने बताया कि 29 अगस्त को राजगढ़ तहसील के द्रुबला गांव में बादल फटने की घटना के बाद अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से सड़कें और अन्य ढांचागत सुविधाएं नष्ट हो गईं। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई, एक महिला लापता है और एक व्यक्ति घायल हुआ है।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि प्रभावित लोगों की मदद के लिए जिले में 15 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जहां 650 से अधिक लोगों को भोजन, बिस्तर और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा, विस्थापित परिवारों के लिए छह मेडिकल कैंप भी लगाए गए हैं।
बारिश के चलते सड़कों और पेयजल योजनाओं को बार-बार नुकसान हो रहा है। अब तक प्रभावित हुई 182 सड़कों में से 55 को बहाल किया गया था, लेकिन लगातार बारिश से फिर से 84 सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिनमें से 30 को बहाल कर दिया गया है। इसी तरह, 98 पेयजल योजनाओं में से 91 प्रभावित हुईं और 60 बहाल की गईं, लेकिन दुबारा बारिश से 43 और प्रभावित हो गईं।
बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। जिले में 54 फीडरों में से 49 फीडर बंद हो गए थे, जिनमें से 47 को बहाल कर दिया गया। बाद में फिर से 21 फीडर प्रभावित हुए, जिनमें से 19 को आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया है। वहीं 1,781 ट्रांसफॉर्मरों में से 1,489 प्रभावित हुए थे, जिनमें से 1,460 को दुरुस्त किया गया। बाद में 984 ट्रांसफॉर्मर दोबारा प्रभावित हुए, जिनमें से 462 को अब तक बहाल किया गया है।
प्रशासन लगातार राहत और बहाली कार्य में जुटा हुआ है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है।