अपराधब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
भिवाड़ी पुलिस का बड़ा ऑपरेशन – 50 लाख की स्मैक बरामद, 40 अपराधी गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी, 21 अगस्त 2025।
भिवाड़ी जिले में पुलिस ने अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बड़ी सफलताएँ हासिल कीं। इस ऑपरेशन को जिले का अब तक का सबसे बड़ा अभियान बताया जा रहा है।
50 लाख की स्मैक बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
थाना चौपानकी पुलिस ने सोमवार रात अजमेरी गेट नाका पर चैकिंग के दौरान 259 ग्राम अवैध स्मैक बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल (23) पुत्र ठाकुरचंद और कुलदीप (20) पुत्र ओमप्रकाश, निवासी शंकरपुरा थाना बुराड़ी, दिल्ली के रूप में हुई है। तस्करी में उपयोग की गई बाइक (DL8SCA4028) को भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दिल्ली से स्मैक लाकर भिवाड़ी-गुरुग्राम क्षेत्र में सप्लाई करने की योजना बना रहे थे।
40 अपराधी गिरफ्त में, साइबर फ्रॉड का खुलासा
इसी अभियान के तहत भिवाड़ी पुलिस ने जिलेभर में दबिश देकर 40 अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनमें करीब 2 दर्जन से जुड़े साइबर फ्रॉड मामलों के आरोपी भी शामिल हैं, जिनके जरिए 50 लाख रुपये से अधिक की ठगी की गई थी। इसके अलावा RBA एक्ट, RPGO और 170 BNS के तहत वांछित अपराधियों को भी पकड़ा गया।
पुलिस का सख्त संदेश
यह संयुक्त कार्रवाई आईजी जयपुर रेंज, एसपी प्रशांत किरण के आदेशानुसार, एएसपी अतुल साहू और समस्त वृत अधिकारियों के नेतृत्व में चलाई गई। इसमें थाना चौपानकी, DST और विभिन्न थानों की टीमों ने हिस्सा लिया।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नशा तस्करों व अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। भिवाड़ी पुलिस की यह संयुक्त कार्रवाई अपराधियों और नशे के नेटवर्क के लिए कड़ा संदेश है।

Subscribe to my channel


