ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान

भिवाड़ी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (BMA) के आगामी चुनाव को लेकर गहमागहमी बढ़ गई

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

भिवाड़ी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (BMA) के आगामी चुनाव को लेकर गहमागहमी बढ़ गई है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मुकेश जैन ने मंगलवार को औद्योगिक इकाइयों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उद्यमियों ने उनका जोरदार स्वागत किया और उन्हें अपना वोट और समर्थन देने का वादा किया। जैन ने उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि अगर वे अध्यक्ष चुने जाते हैं, तो BMA को सेवा का मंच बनाते हुए सभी की समस्याओं का निवारण करेंगे।

मुकेश जैन का उद्यमियों को विश्वास, “BMA सेवा का मंच है”

चौपानकी औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में आयोजित कार्यक्रम में मुकेश जैन ने उद्यमियों से संवाद करते हुए कहा कि BMA सेवा का एक मंच है और इस पद पर बैठने वाले का मुख्य दायित्व सेवा करना है। उन्होंने कहा, “आप लोगों ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, मैं उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूँगा। आप लोग जो भी काम लेकर आएंगे, मैं पूरी कोशिश करूँगा कि उसका निवारण हो।”

जैन ने उद्यमियों के सुझावों को भी महत्व देते हुए कहा कि सभी सुझावों को मान्य किया जाएगा और उन्हें संबंधित विभागों तक पहुँचाकर कार्य करवाया जाएगा। उन्होंने अपने 30 साल के अनुभव को साझा करते हुए बताया कि उन्होंने पूर्व अध्यक्ष बृज मोहन मित्तल के साथ काम करते हुए सीखा है कि किस तरह से उद्यमियों की समस्याओं का समाधान किया जाता है। उन्होंने कहा, “बृज मोहन मित्तल के पास जो भी उद्यमी आया, चाहे वह BMA का सदस्य हो या नहीं, उन्होंने उसका काम करवाया। मैंने उनसे यही सीखा है और मेरे जेहन में भी यही बात है कि जो भी मेरे पास आएगा, उसका काम करवाना है।”

24×7 उपलब्ध रहूँगा: मुकेश जैन

मुकेश जैन ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि सचिव रहते हुए उन्होंने कसौला चौक, आकेड़ा रोड और राठीवास रोड का निर्माण करवाया था, जिससे उन्हें पता है कि काम किस तरह होता है। उन्होंने उद्यमियों को आश्वासन दिया कि उनके दरवाजे सभी के लिए 24 घंटे खुले रहेंगे और वे उनसे कभी भी मिल सकते हैं।

बृज मोहन मित्तल ने भी किया समर्थन

इस अवसर पर BMA के पूर्व अध्यक्ष बृज मोहन मित्तल ने भी मुकेश जैन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि उन्हें तीन बार अध्यक्ष बनने का मौका मिला और उनके कार्यकाल के बारे में किसी को बताने की जरूरत नहीं है। मित्तल ने कहा, “आप लोगों के सहयोग से मुकेश जैन के अध्यक्ष बनने के बाद देखना, काम किस गति से होता है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि काम सिर्फ अध्यक्ष अकेला नहीं करता, बल्कि पूरी टीम करती है। उन्होंने सुझाव दिया कि टीम में हर क्षेत्र से एक प्रतिनिधि होना चाहिए, जो समस्याओं को लेकर आए और उनका समाधान हो सके। मित्तल ने उद्यमियों को विश्वास दिलाया कि मुकेश जैन का कार्यकाल अब तक का सबसे अच्छा कार्यकाल होगा और सभी उद्यमी उसमें सहभागी होंगे।

कार्यक्रम का संचालन पार्षद अमित नाहटा ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में उद्यमियों ने उपस्थित होकर मुकेश जैन को अपना समर्थन देने का वादा किया।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button