उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़व्यापार

बस्ती: जिला उद्योग बंधु व व्यापार बंधु समिति की बैठक सम्पन्न, व्यापारियों की समस्याओं पर हुई चर्चा

बस्ती से वेदान्त सिंह

 

बस्ती, 01 अगस्त 2025 – कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु व व्यापार बंधु समिति की बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक में उद्यमियों, व्यापार संघों के प्रतिनिधियों, स्थानीय व्यापारियों व विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की।

बैठक के दौरान व्यापारियों ने सड़क जाम, विद्युत पोल की स्थिति, खराब स्ट्रीट लाइट, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में देरी, व अधूरी बनी नालियों जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

ऋण प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करें – सीडीओ

उद्योग बंधु की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऋण संबंधी फाइलें किसी भी स्तर पर लंबित न रखी जाएं, और नियमानुसार शीघ्र निस्तारित हों। साथ ही उन्होंने “निवेश मित्र पोर्टल” पर आए आवेदनों की समयबद्ध समीक्षा करने को कहा।

सरकारी योजनाओं की समीक्षा व दिशा-निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद योजना और वित्त पोषण सहायता योजना की प्रगति की समीक्षा की और कहा कि विभागीय लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करना सुनिश्चित किया जाए।

एमओयू समीक्षा के दौरान उपायुक्त उद्योग हरेन्द्र प्रताप को निर्देशित किया गया कि कम से कम टॉप टेन एमओयू धारकों को बैठक में आमंत्रित किया जाए, जिससे उनकी समस्याओं का समाधान समय पर हो सके। उन्होंने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का निराकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

अधिकारियों व प्रतिनिधियों की मौजूदगी

बैठक का संचालन राज्य कर विभाग के उपायुक्त (प्रशासन) उपेन्द्र यादव ने किया। इस अवसर पर एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, एसडीएम शत्रुघ्न पाठक, जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेंद्र प्रताप वर्मा, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता, उद्योग व्यापार संघ के अध्यक्ष जगदीश अग्रहरि, व्यापारी नेता सुभाष शुक्ला, सूर्य कुमार शुक्ला, सुनील गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button