उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती: ट्रांसजेंडर समुदाय के हित में जिलाधिकारी की बैठक, कल्याणकारी योजनाओं पर दिया जोर

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 29 जुलाई 2025 (सू.वि.)
जिलाधिकारी रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के अधिकारों, हितों की सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में निवासरत ट्रांसजेंडरों का शीघ्र सत्यापन कराकर मतदाता कार्ड बनवाने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। साथ ही, सभी थानों पर ट्रांसजेंडर सुरक्षा सेल की स्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
Advertisement

समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव को ट्रांसजेंडर कार्ड बनवाने हेतु विशेष शिविर (कैम्प) आयोजित करने का निर्देश दिया गया। वहीं एसीएमओ डा. अजय कुमार चौधरी को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि जिन ट्रांसजेंडरों का टीजी कार्ड बन चुका है, उनका आयुष्मान भारत कार्ड भी शीघ्र बनाया जाए। इसके साथ ही ट्रांसजेंडरों के लिए विशेष वार्ड की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं, जिनके समाधान हेतु जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही करने का निर्देश दिया।
बैठक में सीडीओ सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, इन्दिरा चैरिटेबल सोसायटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय, उप जिलाधिकारी शत्रुध्न पाठक, मनोज प्रकाश, उमाकान्त तिवारी, ईओ नगरपालिका अंगद गुप्ता, डीपीओ राजेश कुमार समेत कई विभागीय अधिकारी और ट्रांसजेंडर समुदाय के लोग उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


